आज से ठप हो सकता है परिचालन

Published at :24 Jul 2016 5:45 AM (IST)
विज्ञापन
आज से ठप हो सकता है परिचालन

डीआरएम. कटाव का लिया जायजा, कहा यात्रियों के जीवन से समझौता नहीं सहरसा-मानसी रेलखंड पर फनगो में कोसी का कटाव ट्रैक के करीब आ चुका है. इसके साथ ही कोसी में पानी बढ़ने की संभावना बरकरार है. कटाव की यही स्थिति रही तो 24 से 48 घंटे में परिचालन बंद हो सकता है. शनिवार की […]

विज्ञापन

डीआरएम. कटाव का लिया जायजा, कहा यात्रियों के जीवन से समझौता नहीं

सहरसा-मानसी रेलखंड पर फनगो में कोसी का कटाव ट्रैक के करीब आ चुका है. इसके साथ ही कोसी में पानी बढ़ने की संभावना बरकरार है. कटाव की यही स्थिति रही तो 24 से 48 घंटे में परिचालन बंद हो सकता है. शनिवार की शाम डीआरएम ने भी कटाव स्थल का निरीक्षण किया. इस दौरान वे भी स्थिति को देख चिंतित दिखे.
सिमरी (सहरसा) : पूर्व मध्य रेलवे अंतर्गत सहरसा-मानसी रेलखंड पर फनगो हॉल्ट के पास शनिवार को भी कोसी का कटाव जारी रहा. कोसी जमीन को काटती पहले ही ट्रैक के पांच मीटर करीब तक आ गयी थी. शुक्रवार की रात से लेकर शनिवार को दिन भर स्पर संख्या छह और सात के बीच दिन भर कटाव होता रहा. वहीं अत्यंत महत्वपूर्ण पुल संख्या 47 पर भी पानी का दबाव बढ़ता जा रहा है.
नदी के जलस्तर में अभी और भी अधिक वृद्धि होने की संभावना है, क्योंकि शनिवार की शाम चार बजे कोसी बराज से इस साल सर्वाधिक डिस्चार्ज किये गये पानी की मात्रा दो लाख 42 हजार 725 क्यूसेक रिकार्ड की गयी है. 12 से 16 घंटे में यह पानी भी फनगो तक पहुंच जायेगी. लिहाजा आशंका व्यक्त की जा रही है कि कटाव की यही स्थिति रही तो अगले चौबीस घंटे में रेलखंड पर रेल परिचालन पर ब्रेक लग सकता है.
डीआरएम ने किया निरीक्षण: प्रभात खबर द्वारा फनगो की स्थिति पर लगातार खबरें प्रकाशित किये जाने के बाद शनिवार को समस्तीपुर रेलमंडल के डीआरएम सुधांशु कुमार ने रेलखंड पर फनगो हॉल्ट के निकट स्थित कटाव स्थल का जायजा लिया. उन्होंने ट्रैक और कटाव स्थल की सिमटती दूरी का भी गहनता से निरीक्षण किया एवं अधिकारियों को दिशा निर्देश दिया. लगभग तीन घंटे तक निरीक्षण के दौरान डीआरएम बढ़ते पानी और रौद्र कटाव से चिंतित दिखे.
ट्रैक से सटा पानी: कोसी बैराज से लगातार छोड़े जा रहे पानी की वजह से फनगो हॉल्ट के निकट पानी का जबरदस्त दबाव बन गया है. स्पर संख्या छह और सात के बीच पानी ट्रैक से सट गया है. इसके बाद कभी भी अनहोनी होने की आशंका बढ़ गयी है. रेल के जानकर बताते हैं कि अगले 24 घंटे रेलखंड पर काफी भारी पर सकते हैं और यदि पानी इसी तरह बढ़ता रहा तो कोसी का सैलाब रेल ट्रैक को बहा कर ले जायेगा. वहीं रेल अधिकारी भी दबी जुबान से यह मान रहे हैं कि रेलवे की सुस्ती ने रेलखंड को इस दशा मे ला कर खड़ा कर दिया.
आज हो सकता है बड़ा एलान
शनिवार को निरीक्षण के दौरान डीआरएम सुधांशु शर्मा पानी व कटाव की स्थिति देख चिंतित दिखे. कटाव स्थल से ही डीआरएम ने रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों से बात की और स्थिति का जिक्र करते हुए रेलखंड पर रेल परिचालन पर ब्रेक लगाने संबंधी बात की. वहीं पत्रकारों से बातचीत करते हुए डीआरएम सुधांशु शर्मा ने कहा कि स्थिति गंभीर है और हम कभी भी रेलखंड पर गाड़ियों का परिचालन रोक सकते हैं. उन्होंने कहा कि रेलवे यात्रियों की सुरक्षा से किसी प्रकार समझौता नहीं करेगी
और हम जल्द ही रेलखंड पर परिचालन रोकने का फैसला कर सकते हैं. डीआरएम ने यह भी स्पष्ट किया कि रेलवे के अधिकारी कटाव और पानी के दबाव पर दिन रात नजर बनाये हुए हैं एवं रेलवे के उनतीस बोगी बोल्डर भी धमारा घाट पहुंच चुके हैं. इधर, रेल सूत्र बता रहे हैं रविवार सुबह तक इस रेलखंड पर परिचालन पर ब्रेक लगाने का बड़ा एलान हो जायेगा.
पुल नंबर 47 पर बढ़ा दबाव
शनिवार को जलस्तर बढ़ने के साथ ही पुल नंबर 47 पर पानी का जबरदस्त बढ़ गया है. पुल संख्या 47 पर शनिवार को जलस्तर 36.80 तक पहुंच गया, जो अब तक का सबसे ऊंचा है. वहीं शनिवार को डीआरएम सुधांशु शर्मा ने पुल नंबर 47 के निरीक्षण के दौरान पानी की स्थिति को देख चिंता जतायी. डीआरएम ने पुल के नीचे की पानी की गहराई भी नपवायी. लगभग एक घंटे तक पुल के निरीक्षण के क्रम में डीआरएम ने अधिकारियों को कई दिशा-निर्देश दियेऔर पुल पर रेल प्रहरी को चौकस रहने का आदेश दिया. मौके पर डीआरएम के साथ डीएन कोर्डिनेशन महबूब आलम, डीएन हेडक्वार्टर पुरुषोत्तम तिवारी, सहायक मंडल अभियंता तरुण कुमार दास, सीनियर सेक्शन इंजीनियर इलियास अंसारी आदि मौजूद थे.
सहरसा-मानसी रेलखंड पर परिचालन बंद होने से ट्रेनें होंगी डायवर्ट
जानकारी मुताबिक सहरसा-मानसी रेलखंड पर ब्रेक लगने के पश्चात रेलवे पूर्णिया होकर कई ट्रेनों को चलाया जायेगा. पूर्णिया होकर डायवर्ट होने वाली ट्रेनों में हाटे बाजारे, कोसी एक्सप्रेस सहित कुछ पैसेंजर ट्रेने भी शामिल है. वहीं कई ट्रेनों को रेलवे रद्द कर सकती है.
रद्द होने वाली ट्रेनों में राज्यरानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस, इंटरसिटी आदि ट्रेनें शामिल हो सकती हैं. इसके साथ ही कुछ ट्रेनों को मानसी तक चलाया जा सकता है. रेल जानकर मानते हैं कि रेलखंड पर ब्रेक लगने से धमारा घाट, फनगो, कोपड़िया जैसे स्टेशन के यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ेगा.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन