भाजपा नेता की बेटी की जलने से मौत

दुखद. पड़ोसियों ने लपटें देख बुझायी आग घटना के समय मौके पर नहीं था पति प्रेम विवाह करने के बाद मृतका का मायके से नहीं था आना-जाना सासाराम नगर : मॉडल थाना क्षेत्र के तकिया मुहल्ले के वार्ड नंबर तीन स्थित एक मकान में शनिवार की दोपहर एक भाजपा नेता की बेटी की जलने से […]
दुखद. पड़ोसियों ने लपटें देख बुझायी आग
घटना के समय मौके पर नहीं था पति
प्रेम विवाह करने के बाद मृतका का मायके से नहीं था आना-जाना
सासाराम नगर : मॉडल थाना क्षेत्र के तकिया मुहल्ले के वार्ड नंबर तीन स्थित एक मकान में शनिवार की दोपहर एक भाजपा नेता की बेटी की जलने से मौत हो गयी. जानकारी के अनुसार भाजपा नेता राजेंद्र पासवान की बेटी प्रतिमा भारती (24) अपने पति तिलौथू थाने के बाराडीह निवासी नागेंद्र चंद्रवंशी के साथ उमेश साह के घर में किराये पर रहती थी. मृतका की सात माह की एक बेटी है जिसका नाम जूही है. जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब एक बजे उक्त घर से धुआं उठते देख पड़ोसियों में खलबली मच गयी.
उक्त मकान के मात्र एक कमरे से आग की लपटे निकलते देख उसे बुझाने में जुट गये. आग बुझाने के बाद लोगों की नजर बेड पर पड़ी प्रतिमा पर पड़ी. इसकी सूचना मृतका के पिता व पुलिस को दी गयी. पिता की उपस्थिति में शव को बाहर निकाला गया. घटना के समय उसकी बेटी जूही पड़ाेसी के घर में थी. पति किसी डॉक्टर का गाड़ी चलाता है. पड़ोसियों ने बताया कि पति घटना के समय घर पर नहीं था.
जूही का कौन करेगा परवरिश: मृतका प्रतिमा भारती की एक सात माह की बेटी जूही है. मां की जलने से मौत हो गयी. पिता को पुलिस गिरफ्तार कर ली. दादा दादी को भी जेल जाना होगा. नाना-नानी से पहले से ही संबंध नहीं है. ऐसे में इस अबोध बच्ची का लालन पालन कैसे होगा. फिलवक्त बच्ची पड़ोसियों के घर में है.
पति ने पुलिस के समक्ष किया सरेंडर, पूछताछ जारी
पिता के बयान पर प्राथमिकी दर्ज
पिता ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने व जला कर हत्या करने की प्राथमिकी दर्ज करायी है. जिसमें पति नागेंद्र चंद्रवंशी, ससुर कपिल चंद्रवंशी, सास उर्मिला देवी व मामा राजू चंद्रवंशी शामिल हैं. इसमें राजू चंद्रवंशी को हत्या का मुख्य साजिशकर्ता बताया गया है. इस मामले में थानाध्यक्ष मोहम्मद इरशाद ने बताया कि पिता द्वारा नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. मृतका को उसके बेड से मृत अवस्था में बरामद किया गया. शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध लग रहा है. पुलिस हर पहले से मामले की जांच में जुट गयी है. आरोपित पति नागेंद्र चन्द्रवंशी पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया है. पूछताछ चल रही है. घटनास्थल पर इनके पड़ोसियों से भी हमारे अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं.
डेढ़ वर्ष पहले हुआ था प्रेम विवाह
डेढ़ वर्ष पहले इनका प्रेम विवाह हुआ था. माता-पिता के विरोध के बाद प्रतिमा अपने प्रेमी के साथ चली गयी. चार नवंबर, 2015 को तकिया मुहल्ला निवासी पिता राजेंद्र पासवान ने बेटी का अपहरण करने के संबंध में नागेंद्र चंद्रवंशी के विरुद्ध मॉडल थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी थी. प्राथमिकी के बाद दोनों पुलिस के समक्ष उपस्थित हो कर एक-दूसरे से प्यार करने व साथ-साथ में जिंदगी बिताने को कह पिता काे आश्चर्य में डाल दिया. कुछ ही दिन बाद दोनों शादी कर तकिया में ही किराये के मकान में रहने लगे. मृतका के अपने मायके से आना जाना नहीं था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




