गुलाबबाग में 11 हजार वोल्ट हाईटेंशन तार की चपेट में आया युवक, शादी के चार दिन बाद हुआ हादसा

जीएमसीएच में इलाजरत युवक | Prabhat Khabar Network
पूर्णिया के गुलाबबाग में एक दुखद हादसा हुआ, जहां हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. चार दिन पहले ही जिसकी शादी हुई थी, उसका सिर 11 हजार वोल्ट के तार से छू गया. स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया.
Purnia Electrocution: पूर्णिया. शहर के गुलाबबाग में शुक्रवार को हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. युवक की पहचान सदर थाना क्षेत्र के सिंघिया बस्ती निवासी रतन सहनी के पुत्र सोहन सहनी के रूप में हुई है. घटना के बाद उसे तत्काल राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसीएच) पूर्णिया में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है.
ढलाई का काम देखने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार सोहन सहनी गुलाबबाग स्थित एक व्यक्ति के यहां मखाना सहित अन्य कार्य करता है. शुक्रवार को मकान की ढलाई का कार्य चल रहा था. इसी दौरान वह मोबाइल फोन पर बात करते हुए छत पर पहुंचा. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देखते ही देखते उसका सिर छत के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गया.
करंट लगते ही छत पर गिर पड़ा युवक
हाईटेंशन तार के संपर्क में आते ही युवक को तेज करंट का झटका लगा और वह छत पर ही गिर पड़ा. घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.
पुलिस ने अपनी गाड़ी से पहुंचाया अस्पताल
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अपनी सरकारी गाड़ी से जीएमसीएच पूर्णिया पहुंचाया. अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार युवक को तेज विद्युत प्रवाह का झटका लगा है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. फिलहाल उसका आपातकालीन उपचार जारी है.
चार दिन पहले हुई थी शादी
Purnia Electrocution: घटना के बाद परिजनों और साथ काम करने वाले लोगों में हड़कंप मच गया. दोस्तों ने बताया कि सोहन सहनी की शादी महज चार दिन पहले ही हुई थी. हादसे की खबर मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंच गए. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे परिवार में मातम का माहौल है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By विकास वर्मा
विकास वर्मा प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










