अमौर में कोबरा के डंसने से महिला की बिगड़ी हालत, 90 वायल एंटी-वेनम देकर डॉक्टरों ने बचाई जान

Updated:
विज्ञापन
फोटो - अस्पताल में इलाज करते मरीज | Prabhat Khabar Network

फोटो - अस्पताल में इलाज करते मरीज | Prabhat Khabar Network

पूर्णिया के अमौर में एक महिला को कोबरा सांप ने डंस लिया. सूचना मिलते ही स्वास्थ्यकर्मियों ने आनन-फानन में रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां 90 वायल एंटी-वेनम देकर जान बचाई गई. डॉक्टरों ने लोगों से सर्पदंश के मामलों में अंधविश्वास से बचने की अपील की है.

विज्ञापन

Purnia Snake Bite: अमौर (पूर्णिया). अमौर प्रखंड की नितेंद्र पंचायत अंतर्गत बेलगच्छी गांव में एक महिला सर्पदंश का शिकार हो गई. पीड़िता की पहचान भरत पंडित की पत्नी सुमती देवी के रूप में हुई है. समय पर अस्पताल पहुंचने और चिकित्सकों के त्वरित उपचार से उनकी जान बच गई. फिलहाल महिला की स्थिति खतरे से बाहर बतायी जा रही है.

आंगन में बातचीत के दौरान कोबरा ने डंसा

पीड़िता के पति भरत पंडित ने बताया कि गुरुवार शाम करीब सात बजे उनकी पत्नी सुमती देवी घर के आंगन में अन्य लोगों के साथ बातचीत कर रही थीं. इसी दौरान पीछे से आए एक कोबरा सांप ने उन्हें दो बार डंस लिया. सर्पदंश के बाद उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी.

रेफरल अस्पताल में चला तत्काल उपचार

परिजनों ने बिना देर किए महिला को रेफरल अस्पताल अमौर पहुंचाया. अस्पताल में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एहतेमामूल हक के निर्देशन में चिकित्सकों की टीम ने तुरंत इलाज शुरू किया. सांप के जहर का असर अधिक होने के कारण महिला को 90 वायल एंटी-वेनम इंजेक्शन दिया गया. साथ ही आवश्यक दवाएं और स्लाइन भी चढ़ाई गयी.

समय पर इलाज से बची जान

डॉ. एहतेमामूल हक ने बताया कि समय पर अस्पताल पहुंचने के कारण महिला की जान बचाई जा सकी. उन्होंने बताया कि इलाज के बाद मरीज की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है और अब वह खतरे से बाहर है.

झाड़-फूंक में समय न गंवाने की अपील

Purnia Snake Bite: प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने लोगों से अपील की कि सर्पदंश की स्थिति में किसी भी प्रकार के अंधविश्वास या झाड़-फूंक के चक्कर में समय बर्बाद न करें. उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में मरीज को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचाना ही सबसे सुरक्षित और प्रभावी उपाय है.उपचार के दौरान इमरजेंसी इंचार्ज, एएनएम गूंजा कुमारी, सीएचओ शुभम वर्मा, मनोज शर्मा, विकास भगत सहित स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे.


विज्ञापन
Sunil Kumar

लेखक के बारे में

By Sunil Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन