बोकारो में 5 अगस्त से चलेगा न्यू वोटर्स अभियान, मतदाता सूची में नाम जोड़ने का मिलेगा अंतिम मौका
बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा. फोटो: प्रभात खबर
झारखंड के बोकारो जिले में 5 अगस्त को न्यू वोटर्स अभियान चलाया जाएगा. यह अभियान विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत आयोजित किया जा रहा है. पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को मतदाता सूची में जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा.
बोकारो से सीपी सिंह की रिपोर्ट
New Voters Campaign: विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए 5 अगस्त को झारखंड के बोकारो जिले में न्यू वोटर्स अभियान चलाया जाएगा. इस अभियान को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में सभी संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए. उन्होंने कहा कि यह अभियान पात्र नागरिकों, विशेषकर पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को मतदाता सूची से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है.
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के निर्देशों के बाद हुई बैठक
बैठक का आयोजन मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दिए गए निर्देशों के आलोक में किया गया. उपायुक्त अजय नाथ झा ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ईआरओ), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (एईआरओ), प्रखंड विकास पदाधिकारियों, बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को अभियान को सफल बनाने के लिए समन्वित तरीके से कार्य करने का निर्देश दिया.
5 अगस्त से 4 सितंबर तक भर सकेंगे प्रपत्र-06
उपायुक्त ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत ऐसे नागरिक, जिनका नाम एएसडीडी में है अथवा जिनका नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, उन्हें अपना नाम जोड़ने का अंतिम अवसर दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक पात्र नागरिक प्रपत्र-06 भरकर अपने संबंधित बीएलओ के पास जमा कर सकते हैं. आवेदन प्राप्त होने के बाद नियमानुसार प्रक्रिया पूरी कर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा.
पहली बार वोट देने वाले युवाओं पर विशेष जोर
बैठक में उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान के दौरान पहली बार मतदान करने वाले युवाओं तक विशेष रूप से पहुंच बनाई जाए. उन्होंने कहा कि कॉलेजों, विद्यालयों, कोचिंग संस्थानों और अन्य शैक्षणिक परिसरों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि कोई भी पात्र युवा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए युवाओं की भागीदारी बेहद जरूरी है और प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना सुनिश्चित किया जाना चाहिए.
सोशल मीडिया और जनसंपर्क का होगा उपयोग
डीसी अजय नाथ झा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि न्यू वोटर्स अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए. इसके लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, जनसंपर्क के विभिन्न माध्यम, स्थानीय स्तर पर जनजागरूकता कार्यक्रम, शैक्षणिक संस्थानों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों का प्रभावी उपयोग किया जाए. उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों तक अभियान की जानकारी पहुंचाने के लिए हैशटैग न्यू वोटर्स का व्यापक इस्तेमाल किया जाए, जिससे जनभागीदारी बढ़े और अधिक से अधिक पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकें.
इसे भी पढ़ें: शुभम साहू हत्याकांड के विरोध में लोहरदगा बंद, दुकानदारों ने सुरक्षा और फांसी की सजा की उठाई मांग
समयबद्ध तरीके से होगा आवेदनों का निष्पादन
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अभियान के दौरान प्राप्त प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निष्पादन किया जाए. किसी भी पात्र नागरिक का आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए और न ही किसी योग्य व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से छूटे. उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि वे आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाएं और यह सुनिश्चित करें कि जिले का प्रत्येक पात्र नागरिक लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा बन सके. प्रशासन का उद्देश्य है कि मतदाता सूची अधिक से अधिक अद्यतन, पारदर्शी और त्रुटिरहित हो, ताकि आगामी चुनावों में प्रत्येक पात्र मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके.
इसे भी पढ़ें: हजारीबाग को मिली नई महिला डीटीओ, कंचन कुमारी भुदोलिया ने संभाला पदभार
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए