शादी के अगले ही दिन थर्ड सेमेस्टर परीक्षा देने पूर्णिया कॉलेज पहुंच छात्रा ने कायम की मिसाल

पूर्णिया से एक अनोखी और प्रेरणादायक खबर सामने आयी है, जहां एक नवविवाहिता ने शादी की रस्मों के बीच भी अपनी पढ़ाई को प्राथमिकता दी.
मायके से विदा हो पहुंची ससुराल, फिर ससुराल से पति के साथ आयी परीक्षा केंद्र पूर्णिया. पूर्णिया से एक अनोखी और प्रेरणादायक खबर सामने आयी है, जहां एक नवविवाहिता ने शादी की रस्मों के बीच भी अपनी पढ़ाई को प्राथमिकता दी. पूर्णिया कॉलेज में उस वक्त लोगों की नजरें ठहर गईं, जब एक छात्रा शादी के जोड़े में परीक्षा देने पहुंची. छात्रा की पहचान शोभा कुमारी के रूप में हुई है, जिनकी शादी पूर्णिया जिले के सिमराहा निवासी सुमित कुमार से 26 अप्रैल को संपन्न हुई थी. शोभा का मायका कटिहार जिले के पोठिया थाना क्षेत्र अंतर्गत नरैयहा गांव में है. बताया जा रहा है कि शादी के अगले ही दिन यानी 27 अप्रैल को शोभा कुमारी का स्नातक तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा थी. ऐसे में उन्होंने अपनी शिक्षा को लेकर गंभीरता दिखायी और समय पर परीक्षा देने का फैसला किया. पति सुमित कुमार ने भी उनका पूरा साथ दिया. उन्होंने बताया कि शादी के बाद सुबह जल्दी-जल्दी विदाई कराकर पहले अपने घर सिमराहा पहुंचे और फिर तुरंत दुल्हन को लेकर पूर्णिया कॉलेज परीक्षा केंद्र पर पहुंचे. वहां शोभा ने फर्स्ट सिटिंग में सफलतापूर्वक परीक्षा दी. परीक्षा खत्म होने के बाद शोभा अपने पति के साथ ससुराल के लिए विदा हो गईं. यह वाकया शिक्षा के प्रति समर्पण और महिला सशक्तीकरण की एक बेहतरीन मिसाल पेश करता है, जहां एक दुल्हन ने नई जिंदगी की शुरुआत के साथ-साथ अपने भविष्य को भी उतनी ही अहमियत दी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




