पूर्णिया में धूप देखकर न हों बेफिक्र, कभी भी बदल सकता है मौसम, IMD का येलो अलर्ट जारी

पूर्णिया में मौसम का मिजाज इन दिनों पल-पल बदल रहा है.
Purnia Weather Alert: सुबह साफ आसमान और चटक धूप आपको बाहर निकलने के लिए प्रेरित कर सकती है, लेकिन पूर्णिया में मौसम का मिजाज इन दिनों पल-पल बदल रहा है. घर से निकलने से पहले यह खबर जरूर पढ़ लें.
पूर्णिया से अखिलेश चन्द्रा की रिपोर्ट .
Purnia Weather Alert: पूर्णिया में मौसम इन दिनों आंख-मिचौली खेल रहा है. सुबह आसमान साफ नजर आता है, लेकिन कुछ ही देर में बादलों की आवाजाही शुरू हो जाती है. मौसम विभाग ने रविवार को भी जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. ऐसे में धूप के धोखे में आने की बजाय लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है, क्योंकि दिन के किसी भी समय तेज बारिश, आंधी और वज्रपात की स्थिति बन सकती है.
बदलते मौसम ने बढ़ाई चिंता
मौसम विभाग के अनुसार पूर्णिया और आसपास के इलाकों में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हैं. इसका असर मौसम के लगातार बदलते स्वरूप में साफ दिखाई दे रहा है. सुबह से बादलों और धूप के बीच लुकाछिपी का खेल जारी है. मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि वातावरण में मौजूद नमी और पूर्वी हवा के प्रभाव से अचानक बादल घिर सकते हैं और झमाझम बारिश शुरू हो सकती है.
उमस के बीच बारिश का मजबूत संकेत
हालांकि हवा चलने से मौसम अपेक्षाकृत सुहाना महसूस हो सकता है, लेकिन हवा में नमी का स्तर बढ़ने से उमस बनी रहेगी. रविवार को भी लोगों को गर्मी और उमस दोनों का सामना करना पड़ सकता है. इसी बीच बारिश होने पर तापमान में गिरावट आने की संभावना है.
गरज-चमक और वज्रपात को लेकर चेतावनी
आईएमडी ने चेतावनी दी है कि जिले के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. कई इलाकों में वज्रपात की भी आशंका जताई गई है. मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि आंधी और बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें.
पूर्णिया के मौसम पूर्वानुमान इंडेक्स में भी येलो अलर्ट जारी किया गया है. इंडेक्स के अनुसार पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. कई स्थानों पर धूलभरी आंधी के साथ बारिश भी हो सकती है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ घंटों में मौसम तेजी से करवट ले सकता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रत्युष प्रशांत
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










