चेंबर अध्यक्ष से मुलाकात में ऊर्जा मंत्री का आश्वासन, अगले माह पूर्णिया में व्यवसायियों के साथ होगी बैठक
फोटो- ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल से मुलाकात करते चेंबर अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारी.
बिहार के ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार ने पूर्णिया के चेंबर ऑफ कॉमर्स के नवनिर्वाचित अध्यक्ष आदित्य केजरीवाल के नेतृत्व में मिले व्यवसायियों को बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया है. मंत्री अगले माह पूर्णिया में व्यवसायियों के साथ एक विस्तृत बैठक करेंगे.
पूर्णिया. चेंबर ऑफ कॉमर्स, पूर्णिया के नवनिर्वाचित अध्यक्ष आदित्य केजरीवाल की अगुवाई में चेंबर के पदाधिकारियों ने बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल से मुलाकात की. इस दौरान अध्यक्ष ने जिले के व्यवसायियों की बिजली से जुड़ी समस्याओं और जरूरतों से मंत्री को विस्तार से अवगत कराया. मंत्री ने अगले माह पूर्णिया में व्यवसायियों के साथ बैठक कर समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया.
व्यावसायिक परिसरों में बिजली कटौती और ट्रिपिंग का मुद्दा उठा
मुलाकात के दौरान अध्यक्ष आदित्य केजरीवाल ने व्यावसायिक परिसरों और बाजारों में बिजली की अघोषित कटौती तथा बार-बार ट्रिपिंग की समस्या उठाई. उन्होंने कहा कि बिजली की अनियमित आपूर्ति का सीधा असर व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों पर पड़ रहा है.
स्मार्ट मीटर और कॉमर्शियल कनेक्शन की समस्याएं
बैठक में स्मार्ट मीटर की बिलिंग से जुड़ी विसंगतियों, नए कॉमर्शियल कनेक्शन लेने और बिजली का लोड बढ़ाने में आ रही विभागीय जटिलताओं पर भी चर्चा हुई. स्थानीय औद्योगिक इकाइयों और कोल्ड स्टोरेज के लिए निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग भी रखी गई.
चेंबर पदाधिकारियों ने स्थानीय स्तर पर बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय की कमी का मुद्दा भी मंत्री के समक्ष रखा.
अगले माह व्यवसायियों के साथ होगी विस्तृत बैठक
चेंबर अध्यक्ष आदित्य केजरीवाल ने मंत्री से आग्रह किया कि वे पूर्णिया के व्यवसायियों के साथ सीधे संवाद कर उनकी जमीनी समस्याओं को समझें. इस पर ऊर्जा मंत्री ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए अगले माह पूर्णिया आकर व्यवसायियों के साथ विस्तृत बैठक करने का आश्वासन दिया.
मंत्री ने कहा कि बैठक में बिजली विभाग की पूरी टीम मौजूद रहेगी, ताकि व्यापारियों की तकनीकी और कागजी समस्याओं का यथासंभव मौके पर ही समाधान किया जा सके.
किशनगंज से भागलपुर लौटने के दौरान पूर्णिया पहुंचे थे मंत्री
चेंबर अध्यक्ष ने बताया कि किशनगंज से भागलपुर लौटने के दौरान ऊर्जा मंत्री कुछ समय के लिए पूर्णिया में रुके थे. इसी दौरान उन्होंने चेंबर के नवनिर्वाचित अध्यक्ष आदित्य केजरीवाल, महासचिव पारस जेजानी और कोषाध्यक्ष निर्मल जैन को नए दायित्वों के लिए बधाई दी.
मंत्री ने उम्मीद जताई कि नई टीम के नेतृत्व में पूर्णिया के व्यापार और वाणिज्य क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी.
व्यवसायियों को स्थायी समाधान की उम्मीद
मुलाकात के बाद चेंबर अध्यक्ष आदित्य केजरीवाल ने ऊर्जा मंत्री के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि मंत्री के मार्गदर्शन से व्यापार एवं वाणिज्य क्षेत्र की समस्याओं के समाधान को लेकर नई उम्मीद जगी है.उन्होंने कहा कि अगले माह प्रस्तावित बैठक पूर्णिया के व्यापारी वर्ग के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है और वर्षों से चली आ रही बिजली संबंधी समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में पहल होने की उम्मीद है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अखिलेश चंद्रा
अखिलेश चंद्रा प्रिंट माध्यम में 30 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









