पूर्णिया में दहेज की भेंट चढ़ी एक और नवविवाहिता! पलंग-गोदरेज के लिए मार डाला; रोते हुए मां बोली- 'कहा था खस्सी बेचकर पलंग दे दूंगी, पर...

Updated:
विज्ञापन

फोटो- पोस्टमार्टम परिसर में मौजूद मृतका के परिजन.

पूर्णिया के मीरगंज में एक नवविवाहिता का शव ससुराल में फंदे से लटका मिला. मायके वालों ने दहेज में पलंग और गोदरेज न मिलने पर प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है. घटना के बाद से ससुराल पक्ष के लोग फरार हैं.

विज्ञापन

पूर्णिया. मीरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कठबजरा कामत में एक नवविवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके ससुराल में फंदे से लटका मिला. मृतका की पहचान मनीष ऋषि की पत्नी मनीषा कुमारी के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वहीं मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाया है.

दहेज में पलंग और गोदरेज नहीं देने का आरोप

मृतका की मां अर्पणा देवी, जो केनगर थाना क्षेत्र के करवा रहिका की रहने वाली हैं, ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज में पलंग और गोदरेज नहीं देने को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था. उनका दावा है कि इसी प्रताड़ना के चलते ससुराल वालों ने उनकी बेटी की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया.

हालांकि पुलिस जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी.

एक साल पहले हुई थी शादी, पढ़ाई जारी रखना चाहती थी मनीषा

मृतका की मां के अनुसार मनीषा की शादी करीब एक वर्ष पहले हुई थी. वह पढ़ाई जारी रखना चाहती थी और अगले वर्ष मैट्रिक की परीक्षा देने की तैयारी कर रही थी. मां ने बताया कि घटना से तीन दिन पहले ही मनीषा ने मैट्रिक की टेस्ट परीक्षा दी थी.

रविवार को हुई थी आखिरी बातचीत

मृतका की मां ने बताया कि रविवार दोपहर फोन पर बेटी से उनकी आखिरी बातचीत हुई थी. बातचीत के दौरान मनीषा ने ससुराल वालों द्वारा पलंग की मांग किए जाने की बात बताई थी.

मां ने उसे समझाते हुए कहा था कि रक्षाबंधन पर जब वह मायके आएगी, तो खस्सी बेचकर उसके लिए पलंग खरीद दिया जाएगा. लेकिन परिवार को क्या पता था कि यह उनकी बेटी से आखिरी बातचीत होगी.

घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग फरार

मायके वालों के अनुसार घटना के बाद घर में मौजूद सास, ससुर, गोतनी और भैंसुर वहां से फरार हैं. मृतका के पति के बारे में बताया गया कि वह मजदूरी के सिलसिले में घर से बाहर रहते हैं. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही मीरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया. पुलिस ने पंचनामा तैयार करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, पूर्णिया भेज दिया.पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा. आरोपों की भी जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी.


विज्ञापन
विकास वर्मा

लेखक के बारे में

By विकास वर्मा

विकास वर्मा प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन