पूर्णिया में पुलिस का हाई अलर्ट अभ्यास, कल्याण ज्वेलर्स के पास संदिग्धों का पीछा कर परखी गई क्विक एक्शन टीम की तैयारी
मॉक ड्रिल के दौरान एसडीपीओ सदर 1 व पुलिस बल | Prabhat Khabar Network
पूर्णिया में कल्याण ज्वेलर्स के पास अचानक पुलिस की गाड़ियों के सायरन और संदिग्धों का पीछा देख अफरातफरी मच गई. यह एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन के निर्देश पर आयोजित एक मॉक ड्रिल था, जिसका उद्देश्य संवेदनशील जगहों पर त्वरित कार्रवाई की क्षमता को परखना था.
Purnia News: पूर्णिया शहर के पंचमुखी मंदिर के पास स्थित कल्याण ज्वेलर्स के सामने बुधवार को अचानक सायरन बजने लगे, पुलिस की कई टीमें दौड़ती हुई पहुंचीं और बाइक सवार संदिग्धों का पीछा शुरू हो गया. कुछ मिनटों के लिए लोगों को लगा कि शहर में कोई बड़ी आपराधिक घटना हो गई है. बाद में स्पष्ट हुआ कि यह वास्तविक वारदात नहीं, बल्कि एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन के निर्देश पर आयोजित पुलिस का मॉक ड्रिल था. इस अभ्यास का उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति, विशेषकर ज्वेलरी शोरूम जैसी संवेदनशील जगहों पर होने वाली संभावित आपराधिक घटनाओं से निपटने की तैयारी को परखना था.
मॉक ड्रिल में क्विक एक्शन टीम, केहाट थाना और सहायक खजांची थाना की पुलिस टीमों ने हिस्सा लिया. पुलिस ने काल्पनिक स्थिति बनाकर प्रतिक्रिया समय, समन्वय और त्वरित कार्रवाई की क्षमता का आकलन किया.
काल्पनिक घटना बनाकर शुरू हुआ अभ्यास
मॉक ड्रिल के दौरान यह स्थिति बनाई गई कि कल्याण ज्वेलर्स से दो बाइकों पर सवार तीन संदिग्ध व्यक्ति भाग रहे हैं.
सूचना मिलते ही क्विक एक्शन टीम के बाइकर्स सक्रिय हुए और एक संदिग्ध बाइक का पीछा कर उसे पकड़ने की कार्रवाई की.
5 से 7 मिनट में पहुंची पुलिस टीम
अभ्यास के दौरान केहाट और सहायक खजांची थाना की पुलिस टीम भी सूचना मिलने के महज 5 से 7 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई.
पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी, संदिग्धों की तलाश और समन्वित कार्रवाई की प्रक्रिया का अभ्यास किया.
कुछ देर के लिए मची अफरातफरी
अचानक बड़ी संख्या में पुलिस बल की आवाजाही और सायरन की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में हलचल मच गई.
कल्याण ज्वेलर्स और पंचमुखी मंदिर के आसपास काफी भीड़ जमा हो गई. बाद में अधिकारियों ने लोगों को बताया कि यह सुरक्षा अभ्यास का हिस्सा है.
प्रतिक्रिया समय और दक्षता की हुई जांच
एसडीपीओ सदर-1 अभिनव परासर ने बताया कि मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य क्विक एक्शन टीम के बाइकर्स और जवानों की शारीरिक दक्षता, प्रतिक्रिया समय और आपात परिस्थितियों से निपटने की क्षमता का परीक्षण करना था.
उन्होंने कहा कि पुलिस ने निर्धारित समय के भीतर मौके पर पहुंचकर सतर्कता दिखाई, हालांकि अभ्यास के आधार पर कुछ सुधार की आवश्यकता भी महसूस की गई है.
Purnia News: बेहतर प्रदर्शन करने वालों को मिलेगा पुरस्कार
एसडीपीओ ने कहा कि शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए इस प्रकार के मॉक ड्रिल समय-समय पर आयोजित किए जाएंगे.
उन्होंने यह भी घोषणा की कि इस अभ्यास के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों और टीम के सदस्यों को पुरस्कृत किया जाएगा, ताकि पुलिस बल की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता और मनोबल दोनों मजबूत हो सकें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By विकास वर्मा
विकास वर्मा प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










