घरेलू विवाद के बाद बुजुर्ग महिला ने आम के बगीचे में लगाई फांसी, गंभीर हालत में जीएमसीएच में भर्ती

जीएमसीएच पूर्णिया में भर्ती महिला
Purnia News: घर से गुस्से में निकलीं बुजुर्ग महिला ने उठाया खौफनाक कदम, आम के बगीचे में फंदे से लटकी मिलीं, समय रहते बची जान
पूर्णिया से विकास वर्मा की रिपोर्ट.
Purnia News: अररिया जिले के मिर्जापुर बोंसी बसेठी गांव में घरेलू विवाद के बाद एक बुजुर्ग महिला द्वारा फांसी लगाने की कोशिश का मामला सामने आया है. परिजनों की सतर्कता और स्थानीय लोगों की मदद से महिला की जान तो बच गई, लेकिन उनकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है. फिलहाल उनका इलाज पूर्णिया जीएमसीएच में चल रहा है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है.
घरेलू कलह के बाद घर छोड़कर चली गई थीं महिला
जानकारी के अनुसार, घटना से पहले घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसके बाद बुजुर्ग महिला गुस्से में घर से निकल गईं. परिजनों को लगा कि वह आसपास ही गई होंगी, लेकिन कुछ देर बाद गांव के समीप स्थित आम के बगीचे में उन्हें पेड़ से रस्सी के फंदे के सहारे लटका हुआ देखा गया.
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल महिला को फंदे से नीचे उतारा. उस समय वह अचेत अवस्था में थीं.
अररिया से पूर्णिया जीएमसीएच किया गया रेफर
गंभीर हालत में महिला को पहले अररिया सदर अस्पताल ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी स्थिति चिंताजनक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया जीएमसीएच रेफर कर दिया. अस्पताल सूत्रों के अनुसार महिला का इलाज जारी है और उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है.
बेटे ने बताई घटना की पूरी कहानी
महिला के पुत्र धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि उनकी मां किसी बात से नाराज होकर अचानक घर से निकल गई थीं. परिवार के लोगों को लगा कि वह पास के आम बगीचे में गई होंगी, लेकिन कुछ समय बाद पता चला कि उन्होंने वहां जाकर फांसी लगाने की कोशिश की है.
उन्होंने कहा कि यदि स्थानीय लोगों की नजर समय पर नहीं पड़ती तो बड़ा हादसा हो सकता था.
इलाके में चर्चा का विषय बनी घटना
घटना के बाद बसेठी और आसपास के गांवों में चर्चा का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव कई बार गंभीर रूप ले लेते हैं. ऐसे मामलों में परिवार के सदस्यों को संवाद और समझदारी से स्थिति संभालने की जरूरत होती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रत्युष प्रशांत
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










