सेवा, सुशासन और अंत्योदय का संदेश लेकर लौटे भाजपा कार्यकर्ता, पूर्णिया में दो दिवसीय प्रशिक्षण महाअभियान संपन्न
Published by : Pratyush Prashant Updated At : 01 Jun 2026 1:04 PM
कार्यक्रम को संबोधित करते मंत्री दिलीप जायसवाल और प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेते पार्टी के कार्यकर्ता
Purnia News: गुलाबबाग में भाजपा के दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का समापन. नेताओं ने कार्यकर्ताओं को दिया गांव-गांव तक सेवा, सुशासन और विकसित बिहार का संदेश पहुंचाने का मंत्र
पूर्णिया से अखिलेश चंद्रा की रिपोर्ट.
Purnia News: पूर्णिया शहर के गुलाबबाग स्थित पाट व्यवसायी भवन में आयोजित भारतीय जनता पार्टी के दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान का सोमवार को समापन हो गया. प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे और अंतिम दिन जिले भर से पहुंचे कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने राष्ट्र निर्माण, संगठन सशक्तीकरण और अंत्योदय के संकल्प के साथ अपने-अपने क्षेत्रों की ओर प्रस्थान किया. पूरे कार्यक्रम के दौरान भाजपा की विचारधारा, संगठनात्मक कार्यपद्धति, सुशासन और सामाजिक दायित्वों पर विस्तार से चर्चा की गई.
संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने पर जोर
प्रशिक्षण वर्ग में वक्ताओं ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल राजनीतिक विस्तार नहीं बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है. नेताओं ने कार्यकर्ताओं से सेवा भाव, वैचारिक स्पष्टता और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम कार्यकर्ताओं की नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं.
विकसित बिहार के लिए सरकार की पांच प्राथमिकताएं
समापन सत्र में बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल ने संगठनात्मक विषयों पर अपने विचार रखते हुए कहा कि राज्य सरकार अपराध मुक्त और भ्रष्टाचार मुक्त बिहार के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने बताया कि सरकार की प्राथमिकताओं में कानून व्यवस्था मजबूत करना, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना, महिलाओं का सशक्तीकरण और किसानों के कल्याण को सुनिश्चित करना शामिल है.
उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में भाजपा कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है. सरकार और जनता के बीच कार्यकर्ता ही मजबूत सेतु का कार्य करते हैं.
अंत्योदय और एकात्म मानववाद को बताया मार्गदर्शक
बिहार भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र प्रसाद गुप्ता ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता केवल राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं बल्कि राष्ट्र और समाज निर्माण के सहभागी हैं. उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय और एकात्म मानववाद के सिद्धांतों को भाजपा की मूल विचारधारा बताते हुए कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना ही पार्टी का लक्ष्य है.
उन्होंने युवाओं को बिहार की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए महिलाओं की भागीदारी को समग्र विकास की अनिवार्य शर्त बताया. साथ ही कार्यकर्ताओं से जनता के बीच रहकर सरकार की नीतियों और योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का आह्वान किया.
कई वरिष्ठ नेताओं की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह, विधायक विजय खेमका, कृष्ण कुमार ऋषि, उपमहापौर पल्लवी गुप्ता, प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल सहित अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे. प्रशिक्षण वर्ग का समापन संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा विकसित बिहार के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के संदेश के साथ हुआ.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










