योग से स्वस्थ जीवन का मंत्र, पूर्णिया में 75 छात्राओं ने सीखे फिटनेस और संस्कार के गुर

शिविर में भाग लेतीं बच्चियां
Purnea News: मोबाइल और स्क्रीन की दुनिया में बढ़ते तनाव के बीच पूर्णिया में छात्राओं को योग, अनुशासन और स्वस्थ जीवन का अनोखा संदेश मिला. युवा संस्कार निर्माण शिविर में बच्चियों ने न सिर्फ योगासन सीखे, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने के सूत्र भी जाने.
पूर्णिया से रिपोर्ट.
Purnea News: पूर्णिया में भारतीय योग संस्थान, बिहार प्रांत के तत्वावधान में सरस्वती बालिका विद्या मंदिर में युवा संस्कार निर्माण शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का उद्देश्य छात्राओं को योग के माध्यम से शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाना तथा उनमें अनुशासन, संस्कार और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता विकसित करना था. कार्यक्रम में करीब 75 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अनुभवी योग प्रशिक्षकों से विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का प्रशिक्षण प्राप्त किया.
दीप प्रज्वलन से हुई शुरुआत, योग के साथ मिला संस्कार का संदेश
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ. इस अवसर पर भारतीय योग संस्थान के प्रांतीय प्रधान अजय कुमार सिंह, प्रांतीय मंत्री कैलाश कुमार मंडल, जिला प्रधान संजय कुमार चौधरी, क्षेत्रीय प्रधान भगवान सिंह, क्षेत्रीय मंत्री इंदू सिंह, ग्वालियर से आए योग प्रशिक्षक प्रोफेसर सुशील कुमार गुप्ता, योग प्रशिक्षिका नीलिमा गुप्ता, विद्यालय की प्राचार्या सरोज कुमारी, शिक्षकगण और छात्राएं मौजूद रहीं.
आयोजकों ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि संतुलित जीवन जीने की एक प्रभावी पद्धति है, जिसे बचपन से अपनाना आवश्यक है.
छात्राओं ने सीखे योगासन और स्वस्थ रहने के तरीके
शिविर के दौरान प्रशिक्षकों ने छात्राओं को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और योग क्रियाओं का अभ्यास कराया. साथ ही बताया कि नियमित योग करने से शरीर स्वस्थ रहता है, मानसिक तनाव कम होता है, एकाग्रता बढ़ती है और आत्मविश्वास मजबूत होता है.
प्रशिक्षकों ने छात्राओं को दैनिक जीवन में योग को शामिल करने की भी सलाह दी, ताकि वे पढ़ाई के साथ-साथ अपने स्वास्थ्य का भी बेहतर ख्याल रख सकें.
Purnea News: अनुभवी योग प्रशिक्षकों ने दिया प्रशिक्षण
प्रशिक्षण सत्र का संचालन प्रोफेसर सुशील कुमार गुप्ता, नीलिमा गुप्ता, प्रांतीय मंत्री कैलाश कुमार मंडल, प्रांतीय प्रधान अजय कुमार सिंह, जिला प्रधान संजय कुमार चौधरी, क्षेत्रीय मंत्री इंदू सिंह तथा वरिष्ठ योग प्रशिक्षक डॉ. एस.के. सिन्हा ने किया.
प्रशिक्षकों ने छात्राओं को योग के वैज्ञानिक महत्व और उसके दीर्घकालिक लाभों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी.
सम्मान और प्रसाद वितरण के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्राचार्या सरोज कुमारी ने सभी अतिथियों और योग प्रशिक्षकों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया और आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया.
प्रसाद वितरण के साथ युवा संस्कार निर्माण शिविर का समापन हुआ. आयोजकों ने उम्मीद जताई कि इस तरह के कार्यक्रम भविष्य में भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं योग और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़ सकें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










