धान के खेत का पानी पटुआ में जाने पर किसान की पीट-पीटकर हत्या
ए आई जेनेरटेड सांकेतिक तस्वीर
पूर्णिया जिले में धान की रोपनी के दौरान खेत के पानी को लेकर हुए विवाद में एक किसान की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है.
पूर्णिया जिले के सरसी थाना क्षेत्र में धान की रोपनी के दौरान खेत का पानी पड़ोसी के पटुआ (जूट) खेत में जाने को लेकर हुए विवाद में एक किसान की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है.
आपके शहर में
सिंचाई के दौरान हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, सरसी थाना क्षेत्र के कचहरी बलुआ गांव वार्ड संख्या-10 निवासी 55 वर्षीय जयकुमार साह मंगलवार दोपहर करीब 12:10 बजे अपने खेत में पटवन और धान रोपनी की तैयारी कर रहे थे. इसी दौरान खेत का पानी पड़ोसी सत्तो साह के पटुआ खेत में चला गया. इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई.
आरोप है कि लाठी-डंडे से हमला कर जयकुमार साह को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया. घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए.
तीन आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी
घटना के समय आसपास धान रोपनी कर रहे मजदूरों के शोर मचाने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शैलेश प्रीतम और सरसी थानाध्यक्ष राहुल कुमार घटनास्थल पहुंचे.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेज दिया. थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है. मृतक के परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फरार एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं गांव में दोनों पक्षों के बीच तनाव को देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए