वट सावित्री को लेकर फलों के बढ़े भाव, लीची 300 रुपये पार
Published by : SATYENDRA SINHA Updated At : 15 May 2026 5:56 PM
लीची 300 रुपये पार
पूर्णिया. जिले में वट सावित्री पर्व के नजदीक आते ही फलों और पूजन सामग्रियों के दाम आसमान छूने लगे हैं. खासकर लीची की कीमत इस बार लोगों की जेब पर भारी पड़ रही है. बाजार में लीची की कीमत 300 रुपये प्रति सैकड़ा के पार पहुंच गयी है. आम, सेब, नारियल और खीरा के दामों में भी जबरदस्त उछाल देखा जा रहा है. व्यापारियों का कहना है कि कम आवक और कमजोर फलन की वजह से इस बार बाजार में महंगाई ज्यादा है. फल बाजारों में इन दिनों लीची सबसे ज्यादा चर्चा में है. वट सावित्री पर्व में लीची को प्रसाद के रूप में चढ़ाने की परंपरा के कारण इसकी मांग काफी बढ़ गई है. व्यापारियों के अनुसार इस साल लीची की आवक पिछले वर्ष की तुलना में कम है. वहीं स्थानीय स्तर पर भी फलन कमजोर रहा है. आम एवं खीरा की कीमतों में जबरदस्त उछाल फलों एवं पूजन सामग्रियों की कीमतों में इजाफा की भरपाई के लिए ग्राहक अपनी बजट के अनुसार ही इनकी खरीद कर रहे हैं. ग्राहकों का कहना है कि इस व्रत में लीची, आम एवं खीरा का डलिया में भोग लगाने का महत्व है. इसलिए बाजार में लीची, आम एवं खीरा की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है. त्योहार के कारण मजबूरी में वे सीमित मात्रा में ही सही महंगे दाम पर भी फलों की खरीद कर रहे हैं. बाजार में नए सीजन के आम की कीमतें भी ऊंचाई पर बनी हुई हैं. नवरस और बम्बई आम 100 से 120 रुपये प्रति किलो तक बिक रहे हैं. वहीं सेब की कीमत 200 रुपये प्रति किलो के पार पहुंच चुकी है. फलों की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों का बजट बिगाड़ दिया है. बांस से बने पारंपरिक पंखों की डिमांड वट सावित्री पर्व में इस्तेमाल होने वाले खीरा और नारियल के दामों में भी भारी बढ़ोतरी देखी जा रही है. सामान्य दिनों में 25 से 30 रुपये किलो बिकने वाला खीरा अब 60 रुपये प्रति किलो से अधिक में बिक रहा है. वहीं नारियल की कीमत 60 से 70 रुपये प्रति पीस तक पहुंच गई है. पूजन सामग्री खरीदने पहुंचे लोग महंगाई को लेकर चिंता जाहिर कर रहे हैं. बाजार में बांस से बने पारंपरिक पंखों की मांग भी बढ़ गई है. एक पंखा 40 से 45 रुपये में बिक रहा है. दुकानदारों का कहना है कि पर्व के कारण अगले कुछ दिनों तक बाजार में भीड़ और खरीदारी दोनों बढ़ी रहेंगी. फल कीमत आम – 100 से 120 रुपये प्रति किलो लीची – 250 से 300 रुपये सैकड़ा सेव – 200 से 220 रुपये प्रति किलो अंगूर – 200 से 240 रुपये प्रति किलो तरबूज – 25 से 30 रुपये प्रति किलो खीरा – 50 से 60 रुपये प्रति किलो नीबू – 20 रुपये में दो से तीन पीस नारियल – 60 से 70 रुपये प्रति पीस बांस पंखा – 40 से 45 रुपये प्रति पीस
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










