पूर्णियावासियों से डीएम की अपील, कहा- अफवाह को प्रश्रय न दें, गैस की कहीं कमी नहीं

Updated at : 14 Mar 2026 7:10 PM (IST)
विज्ञापन
पूर्णियावासियों से डीएम की अपील, कहा- अफवाह को प्रश्रय न दें, गैस की कहीं कमी नहीं

कालाबाजारी करने वालों पर प्रशासन की पैनी नजर

विज्ञापन

कालाबाजारी करने वालों पर प्रशासन की पैनी नजर, पकड़े गये तो होगी सख्त कार्रवाई

एक नजर

– आइओसीएल के 33, बीपीसीएल के 12 एवं एचपीसीएल के 26 गैस एजेंसियां सहित 71 के करीब एजेंसियां कर रही हैं कार्य- जिले में करीब सात लाख 36 हजार घरेलू गैस के उपभोक्ता व तीन हजार 700 के लगभग हैं कमर्शियल व्यवसायिक उपभोक्ता- गैस सिलेंडर बुकिंग के लिए संबंधित गैस एजेंसी के प्राधिकृत पोर्टल पर ही संपर्क करें

पूर्णिया. घरेलू गैस को लेकर उपभोक्ताओं के बीच फैली भ्रांतियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सजग है. इसी कड़ी में जहां आम लोगों से संयम बरतने की अपील की जा रही है वहीं जिले के प्रत्येक प्रखंडों साहित जिला मुख्यालय में प्रशासन द्वारा धावाद्ल का गठन किया गया है. जिनके द्वारा प्रत्येक दिन सभी गैस एजेंसियों की निगरानी की जा रही है. इसी कड़ी में जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने शनिवार को पूर्णिया कॉलेज रोड स्थित प्रमिला गैस एजेंसी भंडार का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के पश्चात श्री कुमार ने पत्रकारों को बताया कि आम लोगों के बीच गैस की आपूर्ति को लेकर ऐसी भ्रान्ति फैली है कि कहीं गैस की कमी तो नहीं है, सभी पैनिक मोड में गैस रिफिलिंग के लिए बुकिंग करने लगे हैं. जिस वजह से फिलहाल यह स्थिति बन गयी है. लेकिन सिलेंडर देने का क्रम निरंतर जारी है. गैस की कहीं कमी नहीं है. उन्होंने बताया कि घरों में पाइपलाइन के जरिये की जा रही गैस सप्लाई निरंतर चल रही है. उसमें कहीं कोई कोताही नहीं बरती जा रही है. कमर्शियल गैस आपूर्ति मामले में उन्होंने कहा कि जितने भी शैक्षणिक संस्थान और मेडिकल संस्थान हैं उसमें प्राथमिकता के आधार पर इसकी आपूर्ति कराई जायेगी और जरुरत पड़ने पर उस कमी को घरेलू गैस से पूरा किया जाएगा. फिलहाल कहीं भी गैस की कमी नहीं है. परेशानी लोगों के बीच फैली भ्रान्ति को लेकर है. उन्होंने सभी से अपील करते हुए कहा कि किसी भी तरह की भ्रान्ति पर विश्वास न करें. जिला प्रशासन द्वारा लगातार वस्तुस्थिति पर नजर रखी जा रही है. इस मौके पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी और एजेंसी संचालक उपस्थित थे.

ओटीपी की समस्या अब नहीं

डीएम ने बताया कि कुछ जगह पर ओटीपी की समस्या थी तो सरकार और आईओसीएल के नीतिगत निर्णय के अनुसार अब ओटीपी आधारित कार्य को भी अब बंद कर दिया गया है ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो. इसके अलावा लगातार छापेमारी भी की जा रही है इससे अगर कोई भी व्यक्ति होडिंग की कोशिश कर रहा है तो उसपर इसी एक्ट के तहत विधिक कार्रवाई की जायेगी और एफआईआर कर कालाबाजारी का आरोप गठित किया जाएगा.

अगले सिलेंडर की बुकिंग इस तरह होगी

वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और न्यायसंगत बनाने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा लागू की गई नई व्यवस्था की जानकारी देते हुए जिला पदाधिकारी ने बताया कि अब कोई भी घरेलू उपभोक्ता अपने पिछले गैस सिलेंडर की डिलीवरी प्राप्त होने के कम से कम 25 दिनों के अंतराल के बाद ही अगले सिलेंडर की बुकिंग करने के लिए पात्र होगा. इस अनिवार्य समयावधि का निर्धारण मुख्य रूप से गैस की जमाखोरी और कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए किया गया है ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक ईंधन की पहुंच सुनिश्चित की जा सके.

धावा दल का किया गय गठन

गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की कालाबाजारी,अवैध भंडारण और भीड़ के कारण उत्पन्न होने वाली अव्यवस्था को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने ””धावा दल”” का गठन किया है. इस दल में संबंधित पदाधिकारियों को प्रखंडवार प्रतिनियुक्त कर उन्हें छापेमारी और औचक निरीक्षण के लिए अधिकृत किया गया है. ये टीमें निरंतर निगरानी रखेंगी ताकि कोई भी वितरक कृत्रिम अभाव पैदा न कर सके. यदि कोई भी एजेंसी या व्यक्ति जमाखोरी या कालाबाजारी में संलिप्त पाया जाता है तो उसके विरुद्ध ””आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955”” के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

साइबर अपराधी के चक्कर में न पड़ें

पदाधिकारी ने मीडिया को बताया कि कुछ साइबर अपराधी सक्रिय हैं जो गैस सिलेंडर देने के नाम पर यदि फोन करते हैं तो उसके चक्कर में गैस उपभोक्ता नहीं पड़े. बल्कि इसकी सूचना जिला आपदा प्रबंधन, जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या- 06454-242317, पर सूचना दें. जिला प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई की जाएगी. गैस सिलेंडर बुकिंग के लिए संबंधित गैस एजेंसी के प्राधिकृत पोर्टल पर ही संपर्क करें. जिला पदाधिकारी ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी और सम्बंधित अनुमंडल पदाधिकारी को कड़े निर्देश दिए हैं कि वे गैस एजेंसियों की कार्यप्रणाली और वितरण नेटवर्क की स्वयं भी सघन निगरानी करें.

विज्ञापन
ARUN KUMAR

लेखक के बारे में

By ARUN KUMAR

ARUN KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन