Purnia News: बारिश के पानी को लेकर पड़ोसियों में खूनी झड़प, दो महिलाएं गंभीर घायल

Updated:
विज्ञापन
Purnia News: बारिश के पानी को लेकर पड़ोसियों में खूनी झड़प, दो महिलाएं गंभीर घायल

पूर्णिया के गुलाबबाग में मामूली जल निकासी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. मारपीट में सिर फटने से महिला लहूलुहान हो गयी. उसे इलाज के लिए जीएमसीएच पूर्णिया में भर्ती कराया गया है.

विज्ञापन

पूर्णिया से विकास वर्मा की रिपोर्ट :

पूर्णिया शहर के गुलाबबाग इलाके में बारिश के पानी की निकासी को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. आंगन में बरसात का पानी जाने से नाराज पड़ोसियों ने कथित तौर पर एक घर में घुसकर दो महिलाओं पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया. घटना में दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं और उन्हें इलाज के लिए जीएमसीएच पूर्णिया में भर्ती कराया गया है. यह घटना गुलाबबाग स्थित ऐना महल मोहल्ले की बताई जा रही है. घायल महिलाओं की पहचान गोपाल राय की पत्नी राधा देवी और विक्रम राय की पत्नी पूनम देवी के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है.

बारिश का पानी बना विवाद की वजह

परिजनों के अनुसार गुरुवार दिन में लगातार बारिश के कारण पानी का बहाव पड़ोसी के आंगन की ओर चला गया था. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई. देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपी पक्ष ने अपना आपा खो दिया. आरोप है कि कुछ लोग लाठी-डंडों से लैस होकर पीड़ित परिवार के घर में घुस आए और घर के भीतर मौजूद महिलाओं पर हमला कर दिया. मारपीट के दौरान राधा देवी के सिर पर गंभीर चोट लगी, जिससे वह बुरी तरह लहूलुहान हो गईं.

चीख-पुकार सुन जुटे लोग, तब रुका हमला

हमले के दौरान घर से महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ. हालांकि तब तक दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो चुकी थीं. घटना के तुरंत बाद परिजनों ने दोनों घायलों को जीएमसीएच पूर्णिया पहुंचाया. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सिर में चोट को देखते हुए एक्सरे और सिटी स्कैन कराने की सलाह दी है.

पुलिस में शिकायत की तैयारी

पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. परिजनों का कहना है कि मामूली विवाद को लेकर जिस तरह घर में घुसकर हमला किया गया, उससे परिवार डरा हुआ है. स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के दिनों में जल निकासी को लेकर अक्सर विवाद होते हैं, लेकिन इस तरह हिंसा होना चिंताजनक है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

विज्ञापन
Amit Kr Sinha

लेखक के बारे में

By Amit Kr Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन