चकमा देकर हथकड़ी समेत भाग रहे चोर को पुलिस ने खदेड़ कर पकड़ा

पूर्णिया
पूर्णिया. पूर्णिया जीएमसीएच परिसर में शुक्रवार के दोपहर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गयी जब पुलिस की गिरफ्त से एक मोबाइल चोर चकमा देकर भागने लगा. हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी के कारण चोर अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सका. पुलिस ने खदेड़ कर उसे दोबारा दबोच लिया. जानकारी के मुताबिक जलालगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने मोबाइल चोरी के आरोप में तीन युवक को गिरफ्तार किया था. इसमे से एक मोबाइल चोर पुलिस को चकमा देकर हथकड़ी सहित भाग रहा था. नियमानुसार, जेल भेजने से पहले आरोपी का मेडिकल चेकअप कराना अनिवार्य होता है. इसी प्रक्रिया के तहत जलालगढ़ पुलिस की एक टीम आरोपी को लेकर पूर्णिया के जीएमसीएच अस्पताल पहुंची थी. अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में कागजी कार्रवाई और मेडिकल जांच की प्रक्रिया चल ही रही थी कि आरोपी ने मौका पाकर पुलिसकर्मियों को चकमा दिया और वहां से तेजी से भागने लगा. अस्पताल जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में अचानक आरोपी के भागने से वहां मौजूद मरीजों और तीमारदारों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आरोपी को भागता देख ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी तुरंत हरकत में आयी और “पकड़ो-पकड़ो ” की आवाज लगाते हुए उसके पीछे दौड़ पड़ी . अस्पताल परिसर में कुछ दूर तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद, जवानों ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी को घेर लिया और उसे फिर से हिरासत में ले लिया. इतने में अस्पताल परिसर में मरीज के परिजन, डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मियों की भीड़ जुट गयी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










