पैसा डबल करने के नाम पर पटना से रांची तक के 11 लोगों से ठगे डेढ़‍ करोड़, पति गिरफ्तार, पत्नी व भाई फरार

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 06 Jun 2022 9:24 PM

विज्ञापन

पति-पत्नी और देवर ने 50 फीसदी तक मुनाफा देने के नाम पर पटना में 11 लोगों से साढ़े 32 लाख रुपये लेकर फरार हो गये हैं. तीनों ने केवल पटना ही नहीं, बल्कि रांची में भी अपने ही परिवार के लोगों से 1.21 करोड़ रुपये मुनाफा दिलाने के नाम पर उठाये और फिर फरार हो गये.

विज्ञापन

पटना/फुलवारीशरीफ. पैसा डबल करने के नाम पर लोगों से ठगी करने का मामला फुलवारीशरीफ थाने में आया है. पति-पत्नी और देवर ने 50 फीसदी तक मुनाफा देने के नाम पर पटना में 11 लोगों से साढ़े 32 लाख रुपये लेकर फरार हो गये हैं. तीनों ने केवल पटना ही नहीं, बल्कि रांची में भी अपने ही परिवार के लोगों से 1.21 करोड़ रुपये मुनाफा दिलाने के नाम पर उठाये और फिर फरार हो गये.

सुधीर सिंह शिवाजीनगर से गिरफ्तार

इस संबंध में फुलवारीशरीफ की वृंदावन कॉलोनी के रोड नंबर-2 के रहने वाले अंबरीष कुमार ने फुलवारीशरीफ थाने में आरोपित पति सुधीर सिंह और पत्नी नीतू सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है. फुलवारीशरीफ थानाध्यक्ष ने बताया कि रांची अरगोड़ा थाने की पुलिस ने पटना के गर्दनीबाग थाना क्षेत्र के यारपुर निवासी पति सुधीर सिंह को शिवाजीनगर से गिरफ्तार कर अपने साथ ले गयी है. वहीं, पत्नी और देवर की तलाश में भी पटना और रांची में छापेमारी चल रही है.

पटना में लोगों को दिया था शेयर मार्केट का झांसा

मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित अंबरीष की आरोपितों से मुलाकात उसके एक दोस्त के यहां हुई थी. बातचीत के दौरान नीतू कुमारी ने बताया कि मैं शेयर मार्केट में हूं. शेयर मार्केट में रुपये लगाये हैं. इससे आपको पांच से 50 प्रतिशत तक का फायदा होगा. नीतू का पति भी साथ में मौजूद था. पति-पत्नी की बातों में आकर कुल 11 लोगों ने 32 लाख 52 हजार रुपये दे दिये. इस मामले का खुलासा तब हुआ, जब पति-पत्नी ने फोन उठाना बंद कर दिया. इसके बाद मोबाइल स्विच ऑफ कर दिया. यही नहीं, जब लोग आरोपित के घर पहुंचे, तो पति-पत्नी ने सभी के साथ मारपीट भी की. इसके बाद लोगों ने फुलवारी थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी.

रांची में केयर एंड डिवेंचर कंपनी के नाम पर लिया पैसा

इन तीनों ने रांची में अपनी ही बहन की बेटी ऋचा को झांसा में लेकर केयर एंड डिवेंचर कंपनी के नाम पर 1.21 करोड़ रुपये की ठगी कर ली. मिली जानकारी के अनुसार रांची की हरमू हाउसिंग कॉलोनी निवासी ऋचा सिंह ने तीनों के खिलाफ अरगोड़ा थाने में केस दर्ज कराया था. दर्ज प्राथमिकी में ऋचा ने जानकारी दी है कि वह अक्तूबर, 2020 में घर आयी थी. नीतू ने केयर एंड डिवेंचर नामक कंपनी में पूंजी निवेश कर 40 प्रतिशत मुनाफा का झांसा दिया. उसकी बातों में आकर वह और उनके रिश्तेदारों ने नीतू व उसके पति के खाते में 1.13 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिये. पैसा अक्तूबर, 2020 से अप्रैल, 2021 के बीच आरोपित को दिया गया है. यही नहीं, इसके अलावा 90 लाख रुपये नकद भी दिया था, जिसमें 82 लाख रुपये तो आरोपितों ने लौटा दिये. लेकिन, खाते में ट्रांसफर राशि नहीं लौटायी. मांगने पर हत्या की धमकी भी दी.

पटना में ये लोग हुए ठगी के शिकार

पटना में अंबरीष कुमार, राकेश रंजन, अमित, तनवीर अहमद, संजू आनंद, रंजन, संजीका, विजय, रजनीश, अवधेश और पीयूष से कुल 32 लाख 52 हजार रुपये की ठगी की है.

पति को रिमांड पर लेगी पटना पुलिस

इस मामले में फुलवारीशरीफ पुलिस पति सुधीर को रिमांड पर लेगी. वहीं, पत्नी की गिरफ्तारी के लिए फुलवारी थाने की पुलिस ने कई इलाको में छापेमारी की है. बताया जा रहा है कि ठगी के पैसे पति, पत्नी और देवर ने कई जगहों पर मकान खरीद लिया है. सूत्रों ने बताया कि इन तीनों ने रांची और पटना के अलावा अन्य कई जिलों में लोगों से ठगी की है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन