Mahavir Mandir: पटना महावीर मंदिर में अब पूजा-पाठ हुआ महंगा, नैवेद्यम के लिए चुकाने होंगे अधिक पैसे

Author Ashish jha
Updated:
विज्ञापन

Mahavir Mandir

Mahavir Mandir Patna : मंदिर प्रबंधन का कहना है कि नैवेद्यम लड्डू बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्रियों की कीमतों में लगातार इजाफा हो रहा है. शुद्ध गाय के घी से लेकर काजू और इलायची तक महंगी हो गयी है. ऐसे में नहीं चाहते हुए भी ऐसा करना पड़ा है. इससे पहले 2022 में भी ऐसा ही बदलाव देखने को मिला था.

विज्ञापन

Mahavir Mandir Patna : पटना. महंगाई की मार अब मंदिरों तक पहुंच चुकी है. पटना के महावीर मंदिर में हनुमान भक्तों को अब पूजा-पाठ के लिए थोड़ा अधिक पैसा खर्च करना होगा. मंदिर प्रबंधन ने एक अप्रैल से न केवल पूजा-पाठ और जप का रेट बढ़ा दिया है, बल्कि नैवेद्यम लड्डू की कीमतों में भी बढ़ोतरी कर दी है. पूजा और प्रसाद की नई दरें लागू होने से गरीब भक्तों में थोड़ी सी उदासी देखने को मिली है. वैसे न्यास समिति का कहना है कि घी, चीनी और बेसन जैसी चीजों के दाम बढ़ने की वजह से उन्होंने यह फैसला लिया है.

नैवेद्यम के लिए देने होंगे 30 ���ुपये अधिक

महावीर मंदिर का नैवेद्यम लड्डू देशभर में मशहूर है. यहाँ हर दिन हजारों भक्त इसे प्रसाद के रूप में लेते हैं, लेकिन अब इसकी कीमत में 30 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है. पहले प्लास्टिक पैक में 350 रुपये और कार्टन (गत्ते) पैक में 330 रुपये प्रति किलो था. अब से प्लास्टिक पैक में 380 रुपये और कार्टन में 360 रुपये प्रति किलो इनकी नई कीमत है. न्यास समिति की बैठक में यह फैसला लिया गया, क्योंकि घी, चीनी, बेसन, काजू, किशमिश और इलायची जैसी सामग्रियों की कीमतें आसमान छू रही हैं। इससे पहले 23 अक्टूबर 2022 को भी 30 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी.

पूजा-पाठ की दरों में भी इजाफा

नैवेद्यम के साथ-साथ मंदिर में होने वाली पूजा-अर्चना की कीमतें भी बढ़ गई हैं. रुद्राभिषेक (तीन घंटे) जो पहले 5,100 रुपये में होता था, अब इसके लिए 5,610 रुपये चुकाने होंगे. सत्यनारायण पूजा की दर 1,100 रुपये से बढ़कर 1,210 रुपये हो गई है. रामार्चा पूजा और हनुमत पूजा, जो पहले 2,100 रुपये में होती थीं, अब इनके लिए 2,310 रुपये देने होंगे. मुंडन की कीमत भी 501 रुपये से बढ़कर 550 रुपये हो गई है. इन बदलावों से भक्तों को थोड़ा झटका जरूर लगा है, लेकिन मंदिर प्रबंधन का कहना है कि यह एक मजबूरी में उठाया गया कदम है.

वाहन पूजा और भोज की नई दरें लागू

मंदिर प्रबंधन की ओर से जारी सूची में बाइक या गाड़ी की पूजा करवाने के रेट में भी बढ़ोतरी किये जाने की सूचना है. बाइक पूजा की कीमत 101 रुपये से बढ़कर 115 रुपये और चारपहिया वाहन पूजा की दर 251 रुपये से बढ़कर 275 रुपये हो गई है. इसके अलावा, सामान्य दिनों में दरिद्रनारायण भोज की कीमत 1,100 रुपये से बढ़ाकर 1,210 रुपये कर दी गई है. ये सभी नई दरें 1 अप्रैल 2025 से लागू हो चुकी हैं. महावीर मंदिर न्यास समिति का कहना है कि हर चीज महंगी हुई है. पूजा-पाठ में भी पंडितों की सेवा और सामानों का खर्च बढ़ गया है. समिति ने भक्तों की सुविधा का ध्यान रखते हुए पहले कीमतें स्थिर रखने की कोशिश की, लेकिन अब बढ़ोतरी जरूरी हो गई.

विज्ञापन
आशीष झा

लेखक के बारे में

By आशीष झा

डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन