बिहार में 651 एकड़ में बनेगी वर्ल्ड क्लास 'स्पोर्ट्स सिटी', IPL से लेकर इंटरनेशनल क्रिकेट तक का होगा आयोजन
स्पोर्ट्स सिटी (सांकेतिक तस्वीर)
Sports City In Bihar: बिहार के पटना में क्रिकेट का शोर गूंजने वाला है. पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप में लगभग 651 एकड़ में 'स्पोर्ट्स सिटी' बनाई जाएगी. इसमें 60 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी. अहमदाबाद के 'स्पोर्ट्स सिटी' की तर्ज पर इसे तैयार किया जाएगा.
Sports City In Bihar: अहमदाबाद की प्रसिद्ध 'स्पोर्ट्स सिटी' की तर्ज पर अब पटना के पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप में एक भव्य और वर्ल्ड क्लास 'स्पोर्ट्स सिटी' बनाई जायेगी. नगर विकास एवं आवास विभाग ने इसके लिए 651 एकड़ भूमि प्रस्तावित की है.
आपके शहर में
इस स्पोर्ट्स सिटी का सबसे मुख्य आकर्षण 60 हजार दर्शक क्षमता वाला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम होगा, जिसके निर्माण के बाद पटना में अंतरराष्ट्रीय मैचों के साथ-साथ आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) के मुकाबलों का रास्ता भी साफ हो जाएगा. यहां खिलाड़ियों को न केवल अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण दिया जाएगा. किसी भी आपात स्थिति या नियमित जांच के लिए स्पोर्ट्स सिटी के अंदर ही अत्याधुनिक चिकित्सीय सुविधा (अस्पताल) उपलब्ध कराई जायेगी.
आईपीएल और इंटरनेशनल मैच का होगा आयोजन
स्टेडियम को इस तरह से डिजाइन किया जाएगा कि यहां इंटरनेशनल क्रिकेट मुकाबलों के साथ आईपीएल मैचों का भी सफल आयोजन हो सके इसके लिए अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम के मॉडल को अपनाया जा रहा है. हाल ही में खेल निदेशक आरिफ हसन ने अहमदाबाद स्पोर्ट्स सिटी का बारीकी से दौरा कर व्यवस्थाओं का आकलन किया था.
500 खिलाड़ियों के लिए आवासीय परिसर
स्पोर्ट्स सिटी में 500 खिलाड़ियों के रहने के लिए सभी सुविधाओं के साथ आवासीय परिसर बनेगा. इसमें सबसे बड़ा कॉम्प्लेक्स क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए होगा. एथलेटिक्स, गोल्फ, क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, बैडमिंटन और कुश्ती जैसे प्रमुख खेलों के खिलाड़ियों के रहने की अलग-अलग व्यवस्था होगी. प्रस्तावित योजना को खेल विभाग को धरातल पर उतारना है. ओलंपिक स्तर के मानकों को ध्यान में रखकर डीपीआर एक वर्ल्ड क्लास संस्था से तैयार कराई जायेगी.
भविष्य की तैयारियों पर ध्यान
कॉमनवेल्थ और ओलंपिक खेलों के मानकों को ध्यान में रखकर पूरी एक्शन प्लान तैयार की जा रही है, ताकि भविष्य में कोई बड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता मिलने पर अलग से बजट और ऊर्जा खर्च न करनी पड़े.
651 एकड़ में आकार लेगा स्पोर्ट्स हब
नगर विकास एवं आवास विभाग ने पुनपुन ब्लॉक के डुमरी इलाके में इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए जमीन चिह्नित की है. जानकारी के मुताबिक, लगभग 225 एकड़ जमीन पर मुख्य स्पोर्ट्स सिटी विकसित की जायेगी. 239 एकड़ में वर्ल्ड क्लास इंडोर और आउटडोर खेलों के लिए कॉम्प्लेक्स बनेगा. जबकि 187 एकड़ में एक अत्याधुनिक गोल्फ कोर्स का निर्माण किया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए