बिहार पंचायत चुनाव: परिसीमन के बाद ही तय होगी चुनाव की तारीख, जानिए कब तक हो सकता है मतदान
बिहार पंचायत चुनाव (सांकेतिक तस्वीर)
बिहार में पंचायत चुनाव को लेकर गतिविधियां तेज हैं, लेकिन चुनाव की तारीख अभी स्पष्ट नहीं है. परिसीमन प्रक्रिया पूरी होने में एक साल लग सकता है, जिससे चुनाव 2027 के मध्य तक टल सकते हैं.
Panchayat Chunav : बिहार में पंचायत चुनाव को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं, लेकिन चुनाव की तारीख को लेकर तस्वीर अभी साफ नहीं है. पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश के मुताबिक परिसीमन के बाद ही चुनाव कराए जाएंगे. परिसीमन के बाद पंचायतों की संख्या में बदलाव हो सकता है. परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने में कम से कम एक साल लगने की संभावना है. ऐसे में इस साल चुनाव होने की संभावना नहीं दिख रही है.
जानकारी के अनुसार, पंचायत चुनाव अगले साल यानी 2027 के जुलाई-अगस्त से पहले संभव नहीं माना जा रहा है. पंचायतों के परिसीमन का आधार 2011 की जनगणना के आंकड़े पर होंगे. साथ ही इसी के अनुसार पंचायतों की सीमाओं और जनसंख्या से जुड़े बदलाव तय किए जाएंगे.
पंचायतों का जीआईएस मैपिंग का काम चल रहा
फिलहाल राज्य में पंचायतों का जीआईएस मैपिंग का काम चल रहा है. जनगणना 2011 के आंकड़ों के आधार पर पंचायतों की मैपिंग के साथ कम्युनिकेशन प्लान भी तैयार किया जा रहा है. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक 8 अगस्त तक पंचायतों का जीआईएस मैपिंग का काम पूरा किया जा चुका है. अब पंचायतों के परिसीमन की प्रक्रिया को अंतिम रूप देने की तैयारी चल रही है.
परिसीमन के बाद ही चुनाव की तस्वीर होगी साफ
पंचायतों के परिसीमन को लेकर जारी हालिया दिशा-निर्देशों के अनुसार राजस्व ग्रामों की सीमाओं, जनसंख्या में अंतर और मानचित्रों से जुड़ी त्रुटियों को दूर करने के लिए विभागीय स्तर पर समय-सीमा तय कर दी गई है. इन कामों के पूरा होने के बाद ही परिसीमन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.
परिसीमन के दौरान राजस्व ग्रामों की वास्तविक स्थिति और जनसंख्या के आंकड़ों का मिलान किया जाएगा. इसके साथ ही नक्शे में दर्ज नहीं होने या सीमा से जुड़ी गड़बड़ियों को भी ठीक किया जाएगा. सरकार की कोशिश है कि परिसीमन की पूरी प्रक्रिया को तय समय के भीतर पूरा किया जाए, ताकि आगे की चुनावी तैयारी में किसी तरह की परेशानी न हो.
बिहार राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से भी इस संबंध में जल्द ही पूरी जानकारी जारी किए जाने की उम्मीद है. हालांकि मौजूदा स्थिति को देखते हुए अगले साल जुलाई-अगस्त से पहले पंचायत चुनाव कराना संभव नहीं दिख रहा है.
मुखिया की सीटों की संख्या में भी होगा बदलाव
माना जा रहा है कि मुखिया की सीटों की संख्या भी बढ़ सकती है. इसमें करीब 60 फीसदी तक बढ़ोतरी की बात कही जा रही है. मौजूदा व्यवस्था में परिसीमन के लिए जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल किया जाता है. ऐसे में मुखिया की कुल संख्या करीब 13 हजार तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है.
जीआईएस मैपिंग से लेकर डेटाबेस तैयार करने तक का काम
परिसीमन की तैयारी के लिए जीआईएस मैप की त्रुटियों को ठीक करने का काम प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है. राजस्व ग्राम की जनसंख्या और मैप पर अंकित सीमाओं से जुड़ी कमियों की पहचान कर उन्हें दूर किया जा रहा है.
जनसंख्या के आंकड़ों के आधार पर अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति समेत कुल जनसंख्या का सटीक संकलन कर डेटाबेस तैयार किया जा रहा है. इसका इस्तेमाल पंचायतों की सीमाओं और परिसीमन से जुड़ी आगे की प्रक्रिया में किया जाएगा.
इसके साथ ही परिसीमन की ऐतिहासिक स्थिति और जातिगत सर्वेक्षण 2022-2023 के आंकड़ों के बीच भी समन्वय स्थापित किया जा रहा है. संबंधित अभिलेखों की प्रविष्टि सुनिश्चित करने पर भी काम चल रहा है.
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से होगी निगरानी
परिसीमन की पूरी प्रक्रिया को सुचारु तरीके से लागू करने के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विस्तृत कम्युनिकेशन प्लान तैयार किया जा रहा है. इसका मकसद अलग-अलग स्तर पर चल रहे काम की निगरानी और जरूरी निर्देशों को समय पर संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाना है
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार प्रशिक्षण, जन-जागरूकता, प्रशासनिक अनुमोदन, सत्यापन और प्रकाशन से जुड़े सभी जरूरी अभिलेखों को क्रमबद्ध तरीके से तैयार किया जा रहा है. इससे परिसीमन की प्रक्रिया के अलग-अलग चरणों को समय पर पूरा करने में मदद मिलेगी.
उम्मीदवारों ने अभी से तैयारी शुरू कर दी
इसके बावजूद संभावित उम्मीदवारों ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है. गांवों में लोगों से संपर्क बढ़ाया जा रहा है. बैठकों का दौर भी शुरू हो गया है. कई लोग अपनी उम्मीदवारी को लेकर चर्चा कर रहे हैं.
मुखिया बनने के लिए तैयार कर ले दस्तावेज
अगर आप भी मुखिया का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं तो दस्तावेज अभी से तैयार कर लें. नामांकन के समय कागजों की कमी परेशानी बढ़ा सकती है. आखिरी समय में प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए भागदौड़ करनी पड़ सकती है.
जैसे- मतदाता सूची में नाम, प्रस्तावक का नाम, उम्र का प्रमाण, शपथ-पत्र, फोटो और पहचान पत्र, आरक्षित सीट है तो जाति प्रमाण-पत्र रखें, निवास प्रमाण-पत्र भी रखें.
पंचायत चुनाव से पहले परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होना जरूरी है. यही वजह है कि फिलहाल चुनाव से ज्यादा जोर पंचायतों की सीमाओं, जनसंख्या के आंकड़ों और जीआईएस मैपिंग से जुड़ी तैयारियों को पूरा करने पर है. परिसीमन का काम अंतिम रूप लेने के बाद ही पंचायत चुनाव को लेकर अगली बड़ी तस्वीर सामने आएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By रागिनी शर्मा
वर्तमान में मैं, रागिनी शर्मा पटना स्थित प्रभात खबर डिजिटल की टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं. यहां मैं बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी अहम खबरों, राजनीतिक-सामाजिक मुद्दों और ट्रेंडिंग विषयों पर काम कर रही हूं. मेरा उद्देश्य हर खबर को सरल, सटीक और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करना है, ताकि पाठक न सिर्फ जानकारी प्राप्त करें बल्कि उससे जुड़ाव भी महसूस करें और डिजिटल पत्रकारिता को और अधिक सार्थक बनाया जा सके.
पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान ही मैंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. अपने कॉलेज के समय में हिंदुस्तान के साथ इंटर्नशिप के दौरान मुझे पहली बार वेब पोर्टल पर खबर लिखने और डिजिटल न्यूज राइटिंग का व्यावहारिक अनुभव मिला. इसी दौरान मैंने न्यूज़ लेखन, हेडलाइन स्ट्रक्चर और डिजिटल स्टोरी प्रेजेंटेशन की बुनियादी समझ विकसित की.
इसके बाद वर्ष 2025 में पत्रकारिता में ग्रेजुएशन पूरा करने के साथ ही मैंने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में मेरी पहली भूमिका फर्स्ट बिहार झारखंड के साथ रही, जहाँ मैंने एंकरिंग और ग्राउंड रिपोर्टिंग के माध्यम से बिहार के जमीनी मुद्दों को कवर किया. इस दौरान मैंने राज्य की राजनीति, सामाजिक सरोकारों और आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सक्रिय रूप से रिपोर्टिंग की.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








