ePaper

बीएलओ व पुलिस अफसरों का प्रशिक्षण दिल्ली में शुरू

Updated at : 24 Apr 2025 1:07 AM (IST)
विज्ञापन
बीएलओ व पुलिस अफसरों का प्रशिक्षण दिल्ली में शुरू

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियां रफ्तार पकड़ रही हैं. इसी क्रम में भारत निर्वाचन आयोग ने बुधवार से बिहार के बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और पुलिस अधिकारियों का दिल्ली में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया.

विज्ञापन

संवाददाता,पटना/ दिल्ली ब्यूरो बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियां रफ्तार पकड़ रही हैं. इसी क्रम में भारत निर्वाचन आयोग ने बुधवार से बिहार के बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और पुलिस अधिकारियों का दिल्ली में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया. दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट (आइआइआइडीइएम) में दो दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण सत्र का मकसद है चुनाव से जुड़े हर जिम्मेदार व्यक्ति को और अधिक सक्षम बनाना. दिल्ली में दिये जा रहे इस बैच में बिहार के 229 बीएलओ, 12 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (इआरओ) और दो जिला निर्वाचन अधिकारी (डीइओ) हिस्सा ले रहे हैं. इसके अलावा, राज्य के पुलिस अधिकारियों के लिए भी एक विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया है, जिसमें कानून व्यवस्था बनाए रखने और चुनाव के दौरान आचार संहिता के पालन जैसे मुद्दों पर फोकस किया गया है. प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने किया. इस मौके पर निर्वाचन आयुक्त डा विवेक जोशी भी मौजूद थे. उद्घाटन के बाद प्रतिभागियों के साथ संवाद सत्र हुआ, जिसमें अधिकारियों ने फील्ड में आने वाली चुनौतियों और जमीनी अनुभवों को साझा किया. मालूम हो कि हर चुनाव से पहले बीएलओ की भूमिका बेहद अहम होती है. वे न सिर्फ मतदाता सूची को अपडेट करने का काम करते हैं, बल्कि मतदाताओं को सही जानकारी और सहायता भी देते हैं. इस प्रशिक्षण में उन्हें तकनीकी टूल्स, मोबाइल ऐप्स और आइटी आधारित समाधान की जानकारी दी जा रही है. इसके आधार पर मतदाता सूची में कोई गलती न रह जाए और हर पात्र नागरिक का नाम उसमें शामिल हो सके. चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना बड़ी जिम्मेदारी होती है. इसलिए इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों को भी शामिल किया गया है. उन्हें यह सिखाया जा रहा है कि कैसे संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान की जाये, केंद्रीय बलों की तैनाती कैसे की जाये और आदर्श आचार संहिता को सख्ती से लागू किया जाये.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
RAKESH RANJAN

लेखक के बारे में

By RAKESH RANJAN

RAKESH RANJAN is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन