कदमकुआं में शुरू हुआ स्मार्ट बाइक पार्किंग का निर्माण, एक साथ खड़ी होंगी 96 दोपहिया गाड़ियां
निर्माण कार्य शुरू
पटना में आधुनिक रोटरी बाइक पार्किंग की शुरुआत हो गई है. कदमकुआं, पटना जंक्शन और मौर्यलोक में तीन पार्किंग का निर्माण किया जा रहा है. यह परियोजना यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाएगी और सड़क किनारे अवैध पार्किंग पर रोक लगाएगी.
Patna News : राजधानी में आधुनिक टू-व्हीलर रोटरी पार्किंग परियोजना की शुरुआत हो गई है. गुरुवार से पटना स्मार्ट सिटी की ओर से कदमकुआं वेंडिंग जोन के पास वार्ड संख्या-38 में बाइक पार्किंग का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया. इस पार्किंग में एक साथ 96 दोपहिया वाहन खड़े किए जा सकेंगे. शहर में ऐसी तीन पार्किंग विकसित की जा रही हैं, जिनसे यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क किनारे अवैध पार्किंग पर रोक लगाने में मदद मिलेगी.
कदमकुआं, पटना जंक्शन और मौर्यलोक में बनेगी पार्किंग
पटना स्मार्ट सिटी के तहत कदमकुआं के अलावा पटना जंक्शन स्थित मल्टी मॉडल हब और मौर्यलोक परिसर में भी टू-व्हीलर रोटरी पार्किंग बनाई जाएगी. पार्षद डॉ. आशीष सिन्हा ने बताया कि कदमकुआं पार्किंग का निर्माण तीन माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. इससे वेंडिंग जोन आने वाले लोगों को वाहन पार्क करने में सुविधा होगी और जाम की समस्या में भी कमी आएगी.
4.27 करोड़ रुपये की लागत से बनेंगी तीन पार्किंग
तीनों पार्किंग स्थलों के निर्माण पर कुल 4.27 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. हाल ही में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस परियोजना का शिलान्यास किया था. कदमकुआं में बनने वाली पार्किंग लगभग 54 वर्गमीटर क्षेत्र में विकसित होगी. इसमें रोटरी तकनीक का उपयोग किया जाएगा, जिससे कम जगह में अधिक वाहनों की पार्किंग संभव हो सकेगी.
एनआईटी ने तैयार की डिजाइन, छह माह में पूरी होगी परियोजना
परियोजना का निर्माण कार्य दिल्ली की एक विशेष एजेंसी को सौंपा गया है. इसकी कंस्ट्रक्शन ड्राइंग एनआईटी की टीम ने तैयार की है. सभी तकनीकी स्वीकृतियां मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया गया है.
नए साल पर मिलेगी राजधानी को सौगात
पटना स्मार्ट सिटी के सीईओ मोहम्मद शमशाद ने बताया कि पूरी परियोजना छह माह के भीतर पूरी कर ली जाएगी. वर्ष 2027 की शुरुआत में राजधानीवासियों को आधुनिक रोटरी बाइक पार्किंग की सुविधा मिलेगी. इससे वाहनों की सुरक्षा बढ़ेगी और शहर की सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By हिमांशु देव
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










