पहली सोमवारी पर बाबा विटेश्वर नाथ महाधाम में उमड़ेगी आस्था, एक लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद

Updated:
विज्ञापन
बाबा बिटेश्वरनाथ, बिहटा (पटना)

बाबा बिटेश्वरनाथ, बिहटा (पटना)

सावन की पहली सोमवारी को बिहटा के बाबा विटेश्वर नाथ महाधाम में करीब एक लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. मंदिर समिति और प्रशासन ने सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और अन्य सुविधाओं के लिए कमर कस ली है. अर्घा के माध्यम से होगा जलाभिषेक, श्रद्धालुओं के लिए खास व्यवस्थाएं की गई हैं.

विज्ञापन

Patna News: सावन की पहली सोमवारी को बिहटा स्थित बाबा विटेश्वर नाथ महाधाम में करीब एक लाख श्रद्धालुओं के जलाभिषेक के लिए पहुंचने की संभावना है. श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति और प्रशासन ने सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, पेयजल, साफ-सफाई और दर्शन व्यवस्था को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं.

अर्घा के माध्यम से होगा जलाभिषेक, अलग-अलग कतार की व्यवस्था

रविवार को बाबा विटेश्वर नाथ महाधाम समिति की बैठक अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में मंदिर परिसर में हुई. बैठक में सचिव रत्नेश कुमार, उपाध्यक्ष श्वेता विश्वास, सदस्य गुड्डू कुमार सिंह, सत्येंद्र सिंह, महेंद्र सिंह, नीलू कुमार, सुरेश प्रसाद समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे. समिति ने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

समिति सदस्य गुड्डू कुमार सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए इस वर्ष भी पिछले साल की तरह अर्घा के माध्यम से जलाभिषेक की व्यवस्था रहेगी. महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारें बनाई गई हैं. पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की अतिरिक्त व्यवस्था भी की गई है. पहली सोमवारी पर मंदिर के कपाट सुबह चार बजे खोल दिए जाएंगे.


पहली सोमवारी को लेकर तैयारी पूरी।
पहली सोमवारी को लेकर तैयारी पूरी।

मंदिर में 65 पुलिसकर्मियों की तैनाती

डीएसपी अमरेंद्र कुमार झा ने बताया कि पहली सोमवारी को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. मंदिर परिसर और आसपास महिला एवं पुरुष पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती रहेगी. असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी और किसी भी तरह की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी.

उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में कुल 65 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. इनमें 50 पुरुष और 15 महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं. इसके अलावा जिला मुख्यालय से 10 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. सभी पुलिसकर्मी तीन शिफ्टों में ड्यूटी करेंगे, ताकि पूरे दिन सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे.

हर सोमवार अर्घा से होगा जलाभिषेक

सावन माह के प्रत्येक सोमवार को अधिक भीड़ को देखते हुए श्रद्धालु अर्घा के माध्यम से भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे. वहीं अन्य दिनों में श्रद्धालुओं को मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश कर सीधे जल अर्पित करने की अनुमति रहेगी. इससे भीड़ प्रबंधन के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा भी सुनिश्चित की जाएगी.

Also Read: बांकीपुर उपचुनाव: 3 लेयर की सुरक्षा में EVM , 100 जवानों की हुई तैनाती, काउंटिंग से पहले हाई अलर्ट में प्रशासन


विज्ञापन
Monu Kumar Mishra

लेखक के बारे में

By Monu Kumar Mishra

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन