Weather Update: पटना में सुबह से छाए बादल,12 जिलों में येलो अलर्ट जारी; बिहार में फिर बदला मौसम का मिज़ाज
पटना में छाए बादल ( सांकेतिक तस्वीर )
पटना सहित बिहार के कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट ली है. घने बादल और ठंडी हवाओं ने उमस से राहत दी है. मौसम विभाग ने 12 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है, साथ ही अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना जताई है.
Patna Weather News : पटना में सोमवार सुबह से ही मौसम ने अचानक करवट ले ली है. राजधानी का आसमान घने बादलों से ढका हुआ है और ठंडी हवाओं ने लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दी है. सुबह से ही मौसम सुहाना बना हुआ है, जिससे सड़कों पर निकले लोगों के चेहरे पर राहत साफ नजर आ रही है.
मानसूनी गतिविधि का सीधा असर देखा जा रहा है. बादलों की लगातार आवाजाही ने पूरे शहर का मिजाज बदल दिया है. मौसम विभाग ने भी साफ संकेत दिए हैं कि आने वाले घंटों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. इसको लेकर IMD ने 12 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है.
Bihar Weather : बिहार में मानसून पूरी तरह सक्रिय
पूरे बिहार में इस समय मानसून पूरी तरह एक्टिव है. राज्य के लगभग सभी जिलों में पिछले कुछ दिनों से रुक-रुक कर बारिश हो रही है. कई जगहों पर इससे तापमान में गिरावट आई है और मौसम सामान्य बना हुआ है.
IMD : इन जिलों में येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने 10 अगस्त यानी आज 12 जिलों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. इसमें पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, अरवल, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और किशनगंज में अलर्ट जारी किया है.

30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा, बारिश और बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है. अगले कुछ दिनों तक इसी तरह का मौसम बने रहने की भी संभावना जताई गई है.
इस दौरान मौसम विभाग ने खासतौर पर खुले स्थानों पर रहने वाले लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है.
Patna Weather : पटना में अगले 24 घंटे का हाल
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार राजधानी में अगले 24 घंटे तक बादलों का डेरा बना रहेगा. कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ जगहों पर तेज बारिश भी देखने को मिल सकती है.

सुबह से ही मौसम का जो मिजाज बना है, उससे साफ है कि फिलहाल पटना में बारिश का दौर थमने वाला नहीं है. लोग छाता और रेनकोट के साथ ही घर से निकल रहे हैं.
क्यों बदल रहा है मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसून ट्रफ इस समय दिल्ली, देवमाली और दीघा होते हुए दक्षिण-पूर्व दिशा में पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है. यही वजह है कि पूरे बिहार में बादलों का दबदबा बना हुआ है और लगातार बारिश की स्थिति बन रही है.

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक बिहार में 12 अगस्त तक अलग-अलग हिस्सों में बारिश रहेगी. खासकर उत्तर बिहार के कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
15 अगस्त तक कैसा रहेगा मौसम?
11 से 15 अगस्त को मौसम और ज्यादा सक्रिय हो सकता है. इस दौरान राज्य के 19 जिलों में भारी बारिश और आंधी का अनुमान लगाया जा रहा है. ऐसे में लोगों को पहले से सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
मौसम पूर्वानुमान की माने तो, 15 अगस्त के बाद ही राज्य में मौसम सामान्य हो सकता है. 11 अगस्त को दक्षिण और मध्य बिहार के ज्यादातर जिलों में मौसम बिगड़ा रह सकता है. जबकि 12 अगस्त को भी लगभग आधे बिहार में चेतावनी जारी की गई है. खासकर मौसम उत्तर बिहार, सीमांचल के जिलों और दक्षिण बिहार के कुछ जिलों में बिगड़ा रह सकता है.
यह भी पढ़े --- Weather Update: पटना समेत 19 जिलों में भरी बारिश-वज्रपात का अलर्ट, बिहार में फिर एक्टिव हुआ मानसून
इसके बाद 13 अगस्त को भी कुछ ऐसा ही मौसम बना सकता है. सिर्फ 6 जिलों पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, शिवहर, गोपालगंज, सीवान और सारण जिले को छोड़कर बाकी के सभी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इसके बाद 14 अगस्त को भी उत्तर बिहार, सीमांचल के जिलों और दक्षिण बिहार के कुछ जिलों में अलर्ट है. जबकि 15 अगस्त को पूरे बिहार में चेतावनी जारी की गई है. इस दिन कुछ जिलों में भयंकर बारिश की भी चेतावनी जारी की गई है.
Monsoon : बदलते मौसम के बीच भी पटना रहा सबसे गर्म
दिलचस्प बात यह रही कि बारिश के बावजूद रविवार को पटना राज्य का सबसे गर्म शहर रहा. यहां अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा छपरा में 34.6 डिग्री, गया में 34.4 डिग्री, जबकि मोतिहारी, सुपौल और दरभंगा में 34.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया. डेहरी में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहा.
प्रमुख शहरों का तापमान
| शहर | अधिकतम | न्यूनतम |
| पटना | 34.9 | 27.0 |
| गया | 34.4 | 25.6 |
| भागलपुर | 33.5 | 26.6 |
| मुजफ्फरपुर | 32.4 | 26.7 |
पिछले 24 घंटे में यहां हुई सबसे ज्यादा बारिश
बीते 24 घंटे के दौरान किशनगंज के गलगलिया में सबसे ज्यादा 128.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा औरंगाबाद के मदनपुर में 70.4 मिलीमीटर, दरभंगा के जाले में 44.2 मिलीमीटर और सुपौल के बीरपुर में 32 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई.
फिलहाल पटना समेत पूरे बिहार में मौसम का मिजाज बड़क रहा है. आने वाले कुछ दिन बारिश और ठंडी हवाओं के बीच गुजरने वाले हैं, जिससे लोगों को गर्मी से राहत तो मिलेगी, लेकिन तेज बारिश के दौरान सावधानी बरतना भी जरूरी होगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By रागिनी शर्मा
वर्तमान में मैं, रागिनी शर्मा पटना स्थित प्रभात खबर डिजिटल की टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं. यहां मैं बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी अहम खबरों, राजनीतिक-सामाजिक मुद्दों और ट्रेंडिंग विषयों पर काम कर रही हूं. मेरा उद्देश्य हर खबर को सरल, सटीक और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करना है, ताकि पाठक न सिर्फ जानकारी प्राप्त करें बल्कि उससे जुड़ाव भी महसूस करें और डिजिटल पत्रकारिता को और अधिक सार्थक बनाया जा सके.
पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान ही मैंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. अपने कॉलेज के समय में हिंदुस्तान के साथ इंटर्नशिप के दौरान मुझे पहली बार वेब पोर्टल पर खबर लिखने और डिजिटल न्यूज राइटिंग का व्यावहारिक अनुभव मिला. इसी दौरान मैंने न्यूज़ लेखन, हेडलाइन स्ट्रक्चर और डिजिटल स्टोरी प्रेजेंटेशन की बुनियादी समझ विकसित की.
इसके बाद वर्ष 2025 में पत्रकारिता में ग्रेजुएशन पूरा करने के साथ ही मैंने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में मेरी पहली भूमिका फर्स्ट बिहार झारखंड के साथ रही, जहाँ मैंने एंकरिंग और ग्राउंड रिपोर्टिंग के माध्यम से बिहार के जमीनी मुद्दों को कवर किया. इस दौरान मैंने राज्य की राजनीति, सामाजिक सरोकारों और आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सक्रिय रूप से रिपोर्टिंग की.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










