पटना में सड़क पर उतरे TRE-4 कैंडिडेट्स, ‘वैकेंसी जारी करो’ के लगाए नारे, BPSC ने बातचीत के लिए बुलाया

Updated:
विज्ञापन

सड़क पर उतरे छात्र

BPSC Protest: पटना में TRE-4 अभ्यर्थियों ने एक बार फिर सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया. BPSC ऑफिस मार्च के दौरान पुलिस ने उन्हें जेपी गोलंबर पर रोक दिया, जिसके बाद अभ्यर्थियों ने सड़क पर बैठकर विरोध जताया.

विज्ञापन

BPSC Protest: पटना में बुधवार को TRE-4 अभ्यर्थियों का गुस्सा फिर सड़कों पर दिखा. कैंडिडेट्स पटना कॉलेज से BPSC ऑफिस तक मार्च के लिए निकले थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें जेपी गोलंबर के पास बैरिकेडिंग कर रोक दिया. पुलिस के रोकने के बाद अभ्यर्थी सड़क पर ही बैठ गए और प्रदर्शन करने लगे. इस दौरान इलाके में लंबा जाम लग गया.

पुलिस से आमना-सामना, नारेबाजी तेज

जेपी गोलंबर पर पुलिस और अभ्यर्थी आमने-सामने हो गए. कुछ कैंडिडेट्स बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया. इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई.

पोस्टर लेकर पहुंचे अभ्यर्थी

प्रदर्शन में शामिल छात्र ‘हमें हमारा हक दो’ और ‘नीतीश के सम्मान में बेटियां मैदान में’ जैसे पोस्टर लेकर पहुंचे थे. सभी की मांग थी कि TRE-4 का नोटिफिकेशन जल्द जारी किया जाए.

BPSC ने बातचीत के लिए बुलाया

प्रदर्शन के बीच BPSC ने कुछ कैंडिडेट्स को बातचीत के लिए बुलाया. मुलाकात के बाद छात्र नेता दिलीप ने जानकारी दी कि परीक्षा नियंत्रक से उनकी बातचीत हुई है.

20 मार्च को अहम बैठक

छात्र नेता के अनुसार, शिक्षा विभाग ने पहले भेजी गई रिक्तियों को वापस ले लिया है, क्योंकि उसमें कुछ त्रुटियां थीं. अब 20 मार्च को शिक्षा विभाग के साथ बैठक होगी. इसके बाद इसी महीने नया विज्ञापन जारी किया जा सकता है.

2 साल से भर्ती का इंतजार

अभ्यर्थियों का कहना है कि वे पिछले 2 वर्षों से इस वैकेंसी का इंतजार कर रहे हैं. बार-बार आश्वासन मिल रहा है, लेकिन अब तक नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ है. छात्र नेता दिलीप ने आरोप लगाया कि सरकार की तरफ से प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद कुछ अधिकारी देरी कर रहे हैं. इससे मुख्यमंत्री के निर्देशों की अनदेखी हो रही है.

46,595 पदों पर होनी है भर्ती

TRE-4 के तहत कुल 46,595 पदों पर भर्ती की जानी है. अधियाचना फरवरी में ही BPSC को मिल चुकी है और इसे वार्षिक कैलेंडर में शामिल किया गया है.

परीक्षा और रिजल्ट की संभावित तारीख

संभावना है कि परीक्षा 22 से 27 सितंबर 2026 के बीच होगी. वहीं, रिजल्ट नवंबर 2026 में जारी हो सकता है. हालांकि अब तक आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ है. इसी वजह से अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है और वे लगातार आंदोलन कर रहे हैं.

Also Read: पटना में छात्रों का जोरदार प्रदर्शन: पुलिस के साथ धक्का-मुक्की, UGC रेगुलेशन और 65% आरक्षण की मांग

विज्ञापन
अभिनंदन पांडेय

लेखक के बारे में

By अभिनंदन पांडेय

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन