उलार्क सूर्य मंदिर पहुंचे नीतीश कुमार, पूजा-अर्चना के बाद 14 करोड़ की पर्यटन योजनाओं का लिया जायजा

उलार्क सूर्य मंदिर पहुंचे नीतीश कुमार
Patna News: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को अचानक पटना जिले के दुल्हिन बाजार प्रखंड अंतर्गत ऐतिहासिक उलार गांव स्थित विश्व प्रसिद्ध उलार्क सूर्य मंदिर पहुंचे. यहाँ उन्होंने भगवान भास्कर की प्रतिमा की विधिवत पूजा-अर्चना की और विकास कार्यों का जायजा लिया.
Patna News: पटना जिले के दुल्हिन बाजार प्रखंड अंतर्गत ऐतिहासिक उलार गांव स्थित विश्व प्रसिद्ध उलार्क सूर्य मंदिर में गुरुवार को उस वक्त प्रशासनिक हलचल तेज हो गई, जब बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री सह जदयू प्रमुख नीतीश कुमार अचानक वहां पहुंच गए. पूर्व सीएम के पटना से अचानक उलार्क सूर्य मंदिर के लिए रवाना होने की सूचना जैसे ही स्थानीय प्रशासन को मिली, इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक गतिविधियां बेहद मुस्तैद कर दी गईं. मंदिर पहुंचते ही उन्होंने गर्भगृह में स्थापित भगवान भास्कर की प्राचीन प्रतिमा की विधिवत पूजा-अर्चना की और राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की.
यह विश्व की धरोहर, 14 करोड़ से निखर रहा है पूरा परिसर: पूर्व सीएम
पूजा-अर्चना करने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री ने मंदिर को एक बेहतरीन पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए सरकार की ओर से चलाए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों का गहनता से जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता को लेकर अधिकारियों से फीडबैक भी लिया.
मौके पर मौजूद लोगों और मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा:’उलार्क सूर्य मंदिर हमारी ऐतिहासिक और पौराणिक धरोहरों में से एक है. मेरे मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान ही इस पौराणिक परिसर को अंतरराष्ट्रीय स्तर के पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए पर्यटन विभाग की ओर से लगभग 14 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि आवंटित कराई गई थी. इसके तहत यहाँ भव्य विकास कार्य जारी हैं और इसे जल्द ही पूरी गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाएगा.’
अधिकारियों को दिए निर्देश, पटना के लिए हुए रवाना
परिसर का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ख्याल रखने का निर्देश दिया. मंदिर में कुछ समय बिताने और विकास कार्यों की समीक्षा करने के बाद वे पुनः सड़क मार्ग से पटना के लिए रवाना हो गए.
इस अचानक हुए वीवीआईपी दौरे के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था संभालने के लिए पालीगंज के अनुमंडल पदाधिकारी चंदन कुमार, एसडीपीओ-1 राजीवचन्द्र सिंह, एसडीपीओ-2 पंकज शर्मा, दुल्हिन बाजार के प्रखंड विकास पदाधिकारी श्रीनिवास पांडेय, अंचलाधिकारी सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा. इसके अलावा पूर्व सीएम के स्वागत के लिए भाजपा नेता अशोक कुमार वर्मा, विकास कुमार और स्थानीय जदयू व एनडीए गठबंधन के कई कार्यकर्ता व ग्रामीण मुख्य रूप से उपस्थित थे.
Also Read: खान सर के दो लोगों को पुलिस ने उठाया, फायरिंग वाले वीडियो ने पलटा पूरा मामला? जांच में आया नया मोड़
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By निखिल अनुराग
मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट. नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है.
Loading Review Hub...
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










