पटना गांधी मैदान में स्वतंत्रता दिवस समारोह, आम लोगों का प्रवेश गेट संख्या 6 और 7 से
गांधी मैदान में तैयारी जोरों पर
पटना के गांधी मैदान में स्वतंत्रता दिवस मनाने की तैयारियां जोरों पर हैं. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सुबह 9 बजे ध्वजारोहण करेंगे. आम नागरिकों, अतिथियों और मीडिया के लिए प्रवेश के अलग-अलग द्वार निर्धारित किए गए हैं.
Patna News : पटना के गांधी मैदान में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजकीय समारोह आयोजित किया जाएगा. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सुबह 9 बजे ध्वजारोहण करेंगे. समारोह को लेकर गांधी मैदान में तैयारियां अंतिम चरण में हैं. इस दौरान विभिन्न सैन्य टुकड़ियों का मार्च पास्ट और विभागों की झांकियां निकाली जाएंगी. समारोह देखने आने वाले लोगों के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार और बैठने की व्यवस्था की गई है.
आम लोगों के लिए गेट संख्या 6 और 7
गांधी मैदान में आम लोगों का प्रवेश गेट संख्या 6 और 7 से होगा. मैदान के अंदर जनसाधारण दीर्घा में लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है. महिलाओं के लिए गेट संख्या 12 और 13 से प्रवेश की व्यवस्था रहेगी, जबकि विद्यार्थियों का प्रवेश गेट संख्या 2, 3 और 4 से होगा.
अतिथियों और मीडिया के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार
अतिविशिष्ट, विशिष्ट और आमंत्रित अतिथियों के लिए एक्जीबिशन रोड की ओर स्थित गेट संख्या 10 से प्रवेश की व्यवस्था की गई है. मीडिया कर्मियों का प्रवेश गेट संख्या 9 से होगा. मीडिया के लिए पीले रंग का कार्ड निर्धारित किया गया है.
राज्यपाल, मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के लिए गांधी मैदान के पश्चिमी गेट संख्या 1 के सामने से विशेष प्रवेश की व्यवस्था रहेगी. आमंत्रित अतिविशिष्ट और विशिष्ट अतिथियों को सुबह 8:30 बजे तक अपना स्थान ग्रहण करना होगा. समारोह में शामिल होने वाले अतिथियों को उनके वर्ग के अनुसार अलग-अलग रंग के कार्ड उपलब्ध कराए गए हैं.
वाटरप्रूफ पंडाल और प्रोटोकॉल के अनुसार सीटिंग, अस्थायी थाना भी रहेगा तैनात
समारोह को लेकर गांधी मैदान में वाटरप्रूफ पंडाल बनाए गए हैं. प्रोटोकॉल के अनुसार दर्शकों और अतिथियों के बैठने की व्यवस्था की गई है. समारोह स्थल की सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी. सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए गांधी मैदान को चार जोन में बांटा गया है. गांधी मैदान में सुरक्षा व्यवस्था के लिए अस्थायी थाना भी कार्यरत है. समारोह के दौरान सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ पूरे परिसर की निगरानी की जाएगी.
रंगीन कार्ड से होगी वाहनों की पार्किंग
समारोह में आमंत्रित महानुभावों को रंगीन कार्ड उपलब्ध कराया गया है. अतिथियों को अपने वाहन के सामने शीशे पर निर्धारित कार्ड चिपकाना होगा. इसके आधार पर वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा करने की व्यवस्था की गई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










