पटना में बेटे की बारात में गया परिवार, पीछे से बेटी की शादी के गहने और लाखों ले उड़े चोर
Published by : Karuna Tiwari Updated At : 13 Jun 2026 12:40 PM
लाखों के गहने चोरी
Patna News: पटना के फुलवारी शरीफ में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया. परिवार बेटे की शादी में बारात लेकर मुजफ्फरपुर गया हुआ था. इसी दौरान चोर घर में घुसकर करीब 10 लाख रुपये नकद और लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने चोरी कर फरार हो गए.
Patna Report: (अजीत कुमार की रिपोर्ट)
फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के कसाई मोहल्ला में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया. परिवार बेटे की शादी में बारात लेकर मुजफ्फरपुर गया हुआ था और इसी दौरान चोर खिड़की के रास्ते घर में घुस गए. चोरों ने घर में रखे करीब 10 लाख रुपये नकद तथा लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया.
बारात में गया परिवार, घर में हुई बड़ी चोरी
पीड़ित मोहम्मद जाकिर कुरैशी ने फुलवारी शरीफ थाना में दिए आवेदन में बताया है कि उनके पुत्र मोहम्मद फैजान की शादी मुजफ्फरपुर में तय हुई थी. 12 जून को पूरा परिवार बारात लेकर मुजफ्फरपुर गया था. शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद शनिवार की सुबह करीब चार बजे जब परिवार दुल्हन के साथ वापस अपने घर लौटा तो घर का नजारा देखकर सभी के होश उड़ गए.
10 लाख नकद और गहनों पर किया हाथ साफ
उन्होंने बताया कि घर में प्रवेश करते ही देखा कि अलमारी, पेटी और बक्सों के ताले टूटे हुए हैं तथा सामान बिखरा पड़ा है. जांच करने पर पता चला कि घर में रखे सोने-चांदी के सभी जेवरात और करीब 10 लाख रुपये नकद गायब हैं. आशंका है कि चोर खिड़की की सलाखों के रास्ते घर के अंदर घुसे और पूरी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए.
सुबह लौटे तो उड़ गए होश
पीड़ित के अनुसार उनकी बेटी की भी जल्द शादी होने वाली है. बेटी की शादी के लिए वर्षों की बचत से बनवाए गए सोने-चांदी के गहने घर में सुरक्षित रखे गए थे, जिन्हें भी चोर अपने साथ ले गए. चोरी गई संपत्ति की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है.फुलवारी शरीफ के कचहरी मोहल्ला में मोहम्मद जाकिर हुसैन के घर में चोरी में बेटी की शादी के लिए बना के रखे हुए जेवरातों में सोने और चांदी की ज्वेलरी जिसमें सोने का टीका, तीन अंगूठी,नेकलेस, सोने की चेन,सोने का झुमका चांदी की चोटी, चांदी का पंजा,चांदी के पांच अंगूठी, चांदी के पाजेब चांदी के चार चैन और कुछ कैस चोरी किया गया है.
सीसीटीवी फुटेज भी हो रही जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद फुलवारी शरीफ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी. पुलिस ने घर और आसपास के इलाके का निरीक्षण किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम तथा डॉग स्क्वायड को भी जांच के लिए बुलाया गया. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है.
थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है. पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है. वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और संदिग्ध लोगों की गतिविधियों की भी पड़ताल की जा रही है. जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा.
स्थानीय लोगों ने जताई आशंका
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस मोहल्ले में चोरी हुई है, वहां बाहरी लोगों के लिए बिना जानकारी के पहुंचकर इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देना आसान नहीं है. चर्चा है कि घटना में स्थानीय स्तर पर जानकारी रखने वाले लोगों की भूमिका हो सकती है. हालांकि पुलिस फिलहाल सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की बात कह रही है
ALSO READ: पटना के डीएवी स्कूल में तीन दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम, 800 शिक्षकों ने लिया प्रशिक्षण
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Karuna Tiwari
करुणा तिवारी पत्रकारिता में अपने करियर की शुरुआत Doordarshan Bihar के साथ की. 8 वर्षों तक टीवी और डिजिटल माध्यम में सक्रिय रहने के बाद, वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल, बिहार टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्हें बिहार की राजनीति, ग्राउंड रिपोर्टिंग और सामाजिक मुद्दों में विशेष रुचि है. अपने काम के प्रति समर्पित करुणा हर दिन कुछ नया सीखने और बेहतर करने की कोशिश करती हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










