पटना में CM हाउस पर इफ्तार: हाथ जोड़कर पीछे बैठे दिखे नीतीश, आगे बैठे निशांत को सीएम बनाने के लिए लगे नारे

Updated:
विज्ञापन

पटना सीएम हाउस में इफ्तार की तस्वीर

Bihar Politics: पटना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास पर इफ्तार पार्टी का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में नेता और रोजेदार शामिल हुए. इस दौरान निशांत कुमार की मौजूदगी और उनके समर्थन में लगे नारों ने खास ध्यान खींचा.

विज्ञापन

Bihar Politics: पटना में बुधवार की शाम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सरकारी आवास पर भव्य इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया. इस मौके पर उनके बेटे निशांत कुमार भी खास तौर पर मौजूद रहे और पूरे कार्यक्रम में एक्टिव दिखे. इफ्तार में दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा समेत कई मंत्री, विधायक, विधान पार्षद और बड़ी संख्या में रोजेदार शामिल हुए. माहौल पूरी तरह सामाजिक और सियासी दोनों रंगों में रंगा नजर आया.

नमाज के बाद शुरू हुआ इफ्तार

कार्यक्रम की शुरुआत नमाज अदा करने के साथ हुई, जिसके बाद रोजेदारों ने इफ्तार किया. इस दौरान निशांत कुमार आम लोगों के बीच बैठकर उनसे बातचीत करते दिखे, जिससे उनका सहज और सरल अंदाज सामने आया. वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कुर्सी पर बैठकर दोनों हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन करते नजर आए. यह दृश्य आयोजन की सादगी और परंपरा दोनों को दर्शाता रहा.

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

इफ्तार पार्टी को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. गेट नंबर-13 से ही एंट्री दी जा रही थी और बिना पास किसी को अंदर जाने की अनुमति नहीं थी. सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क थीं और नेताओं तक को किसी तरह का सामान अंदर ले जाने की इजाजत नहीं थी. मोबाईल और कैमरे ले जाने की अनुमति भी नहीं थी. पूरे परिसर में अनुशासन और व्यवस्था साफ तौर पर दिखाई दे रही थी.

यात्रा से लौटकर पहुंचे CM

इफ्तार कार्यक्रम में मौजूद प्रभात खबर के रिपोर्टर राजकमल ने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी ‘समृद्धि यात्रा’ से लौटने के बाद सीधे इफ्तार कार्यक्रम में शामिल हुए. लेकिन जहां पहले नीतीश खुद बैठते थे वहां आज निशांत बैठे नजर आए. रिपोर्टर ने आगे बताया कि कार्यक्रम में मौजूद रोजेदारों ने एक सुर में कहा कि नीतीश के बाद हमें बिहार के सीएम निशांत ही चाहिए.

हज भवन में भी दिखे थे CM

इससे एक दिन पहले पटना के हज भवन में मंत्री जमा खान द्वारा आयोजित इफ्तार पार्टी में भी नीतीश कुमार पहुंचे थे, हालांकि वहां वे महज कुछ मिनट रुककर लौट गए थे. उस कार्यक्रम में भी निशांत कुमार मौजूद रहे थे और लोगों से घुलते-मिलते नजर आए थे.

निशांत के समर्थन में लगे नारे

CM आवास पर आयोजित इफ्तार में निशांत कुमार का अलग ही अंदाज देखने को मिला. उन्हें मुस्लिम टोपी पहनाई गई और वे पूरे समय सहज भाव में लोगों के बीच रहे. इसी दौरान कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने नारे लगाने शुरू कर दिए- ‘बिहार का CM कैसा हो, निशांत कुमार जैसा हो.’ इन नारों ने कार्यक्रम का माहौल और ज्यादा राजनीतिक बना दिया.

सरल अंदाज ने खींचा ध्यान

निशांत कुमार का व्यवहार पूरे आयोजन में चर्चा का विषय बना रहा. उन्होंने बादाम उठाकर पहले उसे प्रणाम किया और फिर खाया, जो उनकी सादगी को दर्शाता है. इस दौरान उन्होंने समर्थकों से बातचीत की, हाथ मिलाया और कई लोगों के साथ सेल्फी भी खिंचवाई. उनका यह अंदाज लोगों को काफी पसंद आया.

बीजेपी नेताओं की मौजूदगी

इफ्तार पार्टी में BJP के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और वरिष्ठ नेता शाहनवाज हुसैन भी पहुंचे. दोनों नेताओं ने कार्यक्रम में शिरकत की और निशांत कुमार से मुलाकात कर बातचीत की. इससे कार्यक्रम का सियासी महत्व और बढ़ गया.

Also Read: पटना में छात्रों का जोरदार प्रदर्शन: पुलिस के साथ धक्का-मुक्की, UGC रेगुलेशन और 65% आरक्षण की मांग

विज्ञापन
Abhinandan Pandey

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन