पटना-बख्तियारपुर फोरलेन पर सफर हुआ महंगा, 1 अप्रैल से देना होगा ज्यादा टोल टैक्स

1 अप्रैल से देना होगा ज्यादा टोल टैक्स
Patna Bakhtiyarpur: पटना के सिपारा से बख्तियारपुर के बीच एनएच-30 पर सफर अब महंगा होने वाला है. 1 अप्रैल से दीदारगंज टोल प्लाजा पर टोल टैक्स बढ़ा दिया गया है. नई दरों का असर छोटे से लेकर बड़े सभी वाहनों पर पड़ेगा.
Patna Bakhtiyarpur: पटना के लोगों के लिए 1 अप्रैल से सफर थोड़ा महंगा होने जा रहा है. राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर सिपारा से बख्तियारपुर के बीच बने 50.6 किलोमीटर लंबे फोरलेन पर अब टोल टैक्स बढ़ा दिया गया है. यह नई दरें 1 अप्रैल की आधी रात से लागू होंगी. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के निर्देश पर दीदारगंज टोल प्लाजा पर शुल्क में 3.70 प्रतिशत से लेकर 7.70 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई है. टोल प्लाजा के मैनेजर प्रभाकर सिंह के मुताबिक, यह बढ़ोतरी हर साल होने वाले नियमित संशोधन का हिस्सा है.
जेब पर पड़ेगा कितना असर
इस टोल प्लाजा से रोजाना करीब 12 हजार वाहन गुजरते हैं और सभी वाहनों से फास्टैग के जरिए टोल वसूला जाता है. नई दरों के अनुसार हल्के वाहन के लिए एक तरफ का टोल 135 रुपये से बढ़ाकर 140 रुपये कर दिया गया है. वहीं 24 घंटे के भीतर आने-जाने पर यह 200 से बढ़कर 215 रुपये हो गया है.
अगर मासिक पास की बात करें तो हल्के वाहन के लिए यह 4475 रुपये से बढ़कर 4730 रुपये हो गया है. व्यावसायिक वाहनों के लिए भी दरें बढ़ाई गई हैं. छोटे कमर्शियल वाहनों के लिए टोल 205 से बढ़कर 215 रुपये हो गया है, जबकि ट्रक और बस के लिए यह 410 से बढ़कर 435 रुपये कर दिया गया है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
भारी वाहनों को कितना पैसा देना होगा
भारी वाहनों जैसे 3 से 6 एक्सल वाले ट्रकों के लिए टोल 620 से बढ़कर 655 रुपये हो गया है. 7 या उससे ज्यादा एक्सल वाले वाहनों को अब 815 की जगह 860 रुपये देने होंगे. इसी तरह सभी कैटेगरी में 24 घंटे और मासिक पास की दरों में भी बढ़ोतरी की गई है.
स्थानीय लोगों को भी इस बढ़ोतरी का असर झेलना पड़ेगा. टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के अंदर रहने वाले लोगों के लिए मासिक पास अब 340 रुपये से बढ़कर 360 रुपये कर दिया गया है.
एंबुलेंस, सेना के वाहन, पुलिस और डाक विभाग के वाहन को अब भी टोल से छूट मिलेगी. टोल प्लाजा पर यात्रियों के लिए एंबुलेंस, क्रेन, पीने का पानी, शौचालय और प्राथमिक इलाज जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं.
इसे भी पढ़ें: अगले 72 घंटे में बदलेगा बिहार का मौसम, कई जिलों में बारिश-आंधी और तेज हवा का अलर्ट
नितिन नवीन का इस्तीफा टला, असम के लिए हुए रवाना, क्या है पूरा मामला
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Paritosh Shahi
परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




