पटना में AI वाले ई-स्कूटर से होगी शहर की निगरानी, 'नगर नेत्रा' पकड़ेगा गड्ढे-कचरा और अतिक्रमण, हर वार्ड पर रहेगी नजर

Updated:
विज्ञापन

AI जनरेटेड तस्वीर

Bihar News: पटना की सड़कों पर अब AI वाले ई-स्कूटर 'नगर नेत्रा' नजर रखेंगे. ये गड्ढे, कचरा, गंदी सड़कें, टूटे मैनहोल, खराब स्ट्रीट लाइट, अतिक्रमण और आवारा मवेशियों समेत सात समस्याओं की पहचान करेंगे. हर वार्ड की सप्ताह में दो बार स्क्रीनिंग होगी और गड़बड़ी मिलते ही संबंधित अधिकारियों को अलर्ट भेजा जाएगा.

विज्ञापन

Bihar News: पटना में नागरिक सुविधाओं और शहरी प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए नई पहल की जा रही है. पटना स्मार्ट सिटी की ओर से सिविक सर्विसेज सर्विलांस एंड मॉनिटरिंग प्रोजेक्ट शुरू किया जा रहा है. इसका उद्देश्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक तकनीक की मदद से शहर की सफाई, सुरक्षा और सड़कों की स्थिति में सुधार लाना है.

नगर विकास विभाग ने इस प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है. पटना में इसके सफल होने के बाद इस मॉडल को बिहारशरीफ, मुजफ्फरपुर और भागलपुर समेत राज्य के अन्य प्रमुख शहरों में भी लागू किया जाएगा.

19 ई-स्कूटर से होगी शहर की निगरानी

शहर की सड़कों और अलग-अलग वार्डों में गश्त के लिए ई-स्कूटर तैनात किए जाएंगे. इसके लिए करीब 19 ई-स्कूटर लगाए जाने की योजना है. पटना नगर निगम में कुल 75 वार्ड हैं. योजना के तहत लगभग हर चार वार्ड पर एक ई-स्कूटर तैनात किया जाएगा.

इन ई-स्कूटरों को 'नगर नेत्रा' के नाम से जाना जाएगा. इसके संचालन के लिए सितंबर तक एजेंसी का चयन कर लिया जाएगा.

ICCC में बनेगा सेंट्रल सिविक सर्विसेज ऑपरेशंस सेंटर

गांधी मैदान स्थित कीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर (ICCC) में सेंट्रल सिविक सर्विसेज ऑपरेशंस सेंटर विकसित किया जाएगा. ई-स्कूटर और अन्य कैमरों से मिलने वाला लाइव डेटा सीधे इसी सेंटर तक पहुंचेगा.

इसके बाद AI और मशीन लर्निंग एल्गोरिदम की मदद से डेटा का विश्लेषण किया जाएगा. किसी तरह की गड़बड़ी मिलने पर संबंधित विभाग और अधिकारियों को मोबाइल ऐप के जरिए तुरंत सूचना भेजी जाएगी.

इसके लिए अधिकारियों, ठेकेदारों और फील्ड स्टाफ के लिए विशेष एंड्रॉइड ऐप भी तैयार किए जा रहे हैं.

सात प्रमुख समस्याओं पर रहेगी 'नगर नेत्रा' की नजर

'नगर नेत्रा' शहर की सात प्रमुख नागरिक समस्याओं की पहचान करेगा. इनमें सड़कों पर बिखरा कचरा, बिना झाड़ू लगी या गंदी सड़कें, सड़कों के गड्ढे, खुले या टूटे मैनहोल, खराब स्ट्रीट लाइटें, अतिक्रमण और अवैध कब्जे, सड़क पर घूमते आवारा मवेशी और अवैध होर्डिंग्स शामिल हैं.

AI तकनीक की मदद से इन समस्याओं को कैमरों के जरिए रिकॉर्ड किया जाएगा. उदाहरण के तौर पर सड़क पर 10 इंच से बड़ा गड्ढा या एक मीटर से अधिक कचरे का ढेर मिलने पर सिस्टम उसे अपने आप रिकॉर्ड कर लेगा.

समस्या की जानकारी मिलते ही संबंधित विभाग और अधिकारियों को मोबाइल ऐप के जरिए अलर्ट भेजा जाएगा. इससे समस्या की पहचान के साथ उसके समाधान की निगरानी भी की जा सकेगी.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

हर वार्ड की सप्ताह में दो बार होगी स्क्रीनिंग

ई-स्कूटर में हाई-क्वालिटी स्मार्ट डैशकैम और GPS तकनीक लगाई जाएगी. कैमरे 4K वीडियो रिकॉर्डिंग और 110 डिग्री वाइड फील्ड ऑफ व्यू के साथ काम करेंगे.

ई-स्कूटर में 3 किलोवाट प्रति घंटे क्षमता वाली लिथियम-आयन बैटरी का इस्तेमाल होगा. एक बार चार्ज करने पर ये 100 किलोमीटर से अधिक दूरी तय कर सकेंगे. इनके लिए ICCC या निर्धारित स्थानों पर अलग से चार्जिंग हब भी बनाए जाएंगे.

हर वार्ड की सड़कों की सप्ताह में दो बार स्क्रीनिंग की जाएगी. इसके लिए बाकायदा टाइमटेबल तैयार किया जाएगा.

पटना के बाद दूसरे शहरों में भी लागू होगा मॉडल

इस प्रोजेक्ट के जरिए नगर निगम को शहर की छोटी-बड़ी समस्याओं की जानकारी रियल टाइम में मिल सकेगी. साथ ही, अधिकारियों की जवाबदेही भी तय करने में मदद मिलेगी.

पटना में 'नगर नेत्रा' के सफल संचालन के बाद इसी मॉडल को बिहारशरीफ, मुजफ्फरपुर, भागलपुर समेत राज्य के अन्य प्रमुख शहरों में लागू करने की योजना है. यानी आने वाले समय में AI और ई-स्कूटर की मदद से सिर्फ पटना ही नहीं, बल्कि बिहार के दूसरे शहरों की सड़कों और नागरिक सुविधाओं पर भी पैनी नजर रखी जाएगी.

Also Read: पटना हाईकोर्ट के नए चीफ जस्टिस होंगे वी. कामेश्वर राव, जानिए कौन हैं और कैसा रहा उनका सफर



विज्ञापन
हिमांशु देव

लेखक के बारे में

By हिमांशु देव

सितंबर 2023 से पटना में प्रभात खबर से जुड़कर प्रिंट और डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. कला, साहित्य-संस्कृति, नगर निगम और स्मार्ट सिटी से जुड़ी खबरों पर प्रमुखता से काम किया है. महिला, युवा और जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाना प्राथमिकता में शामिल है. व्यक्तिगत तौर पर किताबें पढ़ना और नई जगहों को एक्सप्लोर करना अच्छा लगता है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन