ePaper

23 से एनडीए का विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन

Updated at : 18 Aug 2025 12:12 AM (IST)
विज्ञापन
23 से एनडीए का विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन

एनडीए के विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन की शुरुआत 23 अगस्त से होगी. पहले दो चरणों में 84 विधानसभाओं में कार्यक्रम होगा.

विज्ञापन

संवाददाता, पटना एनडीए के विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन की शुरुआत 23 अगस्त से होगी. पहले दो चरणों में 84 विधानसभाओं में कार्यक्रम होगा. साथ ही यह सम्मेलन लगभग एक महीने तक सात चरणों में संपन्न होगा. पहले चरण का आयोजन 23 से 25 अगस्त तक और दूसरे चरण का आयोजन 28 से 30 अगस्त तक किया जायेगा. दोनों चरण में 42-42 विधानसभा क्षेत्रों में सम्मेलन होंगे. इसके लिए 14 वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में टीमें गठित की गयी हैं. यह जानकारी रविवार को पटना के जदयू प्रदेश मुख्यालय में आयोजित एनडीए के संवाददाता सम्मेलन में दी गयी. इस अवसर पर जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, हम (से) के प्रदेश अध्यक्ष डाॅ अनिल कुमार और रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी ने संयुक्त रूप से विस्तृत जानकारी साझा की. एनडीए नेताओं ने बताया कि इन सभी 14 टीमों में गठबंधन के पांचों दलों के वरीय नेता शामिल हैं. जदयू के वरिष्ठ नेताओं में राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा, मंत्री विजय कुमार चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, केंद्रीय राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर, मंत्री श्रवण कुमार, मंत्री अशोक चौधरी और मंत्री रत्नेश सदा शामिल हैं. वहीं, भाजपा की ओर से टीम के नेतृत्वकर्ता प्रदेश अध्यक्ष डाॅ दिलीप जायसवाल, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, सांसद संजय जायसवाल, मंत्री मंगल पांडेय और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह शामिल हैं. संवाददाता सम्मेलन में जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि एनडीए की सभी 14 टीमें ‘2025 में 225 और फिर से नीतीश’ के संकल्प को लेकर प्रत्येक विधानसभा में जायेंगी. कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ायेंगी और डबल इंजन एनडीए सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचायेंगी. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिलीप जायसवाल ने कहा कि सभी 243 विधानसभा क्षेत्रों में एनडीए का संयुक्त कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा. इसमें एनडीए के वरिष्ठ नेतागण डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों जनता के सामने प्रस्तुत करेंगे और विकास की गाथा सुनायेंगे. लोजपा (आर) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने कहा कि 2025 में फिर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शंखनाद के साथ शुरू हुआ एनडीए का जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. हम(से) के प्रदेश अध्यक्ष डाॅ अनिल कुमार ने कहा कि एनडीए जिला सम्मेलन में भारी जनसमर्थन देखने को मिला. हमारे कार्यकर्ता उत्साह और जोश से भरे हुए हैं. रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी ने कहा कि एनडीए जिला सम्मेलन की सफलता लोगों ने देखी है और जनता में जबरदस्त उत्साह है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
RAKESH RANJAN

लेखक के बारे में

By RAKESH RANJAN

RAKESH RANJAN is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन