राम नवमी पर महावीर मंदिर में मेगा तैयारी, 24 हजार किलो नैवेद्यम लड्डू तैयार, भक्तों के लिए खास इंतजाम

महावीर मंदिर में लड्डू तैयार
Ram Navami 2026: राम नवमी से पहले पटना के महावीर मंदिर में भव्य तैयारी चल रही है. श्रद्धालुओं के लिए 24 हजार किलो नैवेद्यम लड्डू बनाए जा रहे हैं, जिसमें से बड़ी मात्रा तैयार हो चुकी है.
Ram Navami 2026: राम नवमी के मौके पर पटना जंक्शन के पास स्थित महावीर मंदिर में इस बार खास तैयारी की गई है. श्रद्धालुओं के लिए बड़े पैमाने पर नैवेद्यम लड्डू बनाए जा रहे हैं. मंदिर प्रशासन ने इस बार करीब 24 हजार किलो प्रसाद तैयार करने का लक्ष्य रखा है, जिसमें से 18 हजार किलो लड्डू पहले ही बनकर तैयार हो चुके हैं.
24 हजार किलो नैवेद्यम की तैयारी
महावीर मंदिर में राम नवमी को लेकर प्रसाद की भारी मांग को देखते हुए बड़े स्तर पर तैयारी चल रही है. करीब 80 कारीगर दिन-रात मेहनत कर लड्डू तैयार कर रहे हैं. खास बात यह है कि तिरुपति के अनुभवी कारीगर भी इस काम में लगे हैं, जिससे गुणवत्ता और स्वाद बरकरार रहे.
शुद्ध घी और चीनी से बन रहे लड्डू
नैवेद्यम लड्डू बनाने में शुद्धता का खास ध्यान रखा जा रहा है. इसके लिए करीब 20 हजार किलो चीनी और 6840 किलो गाय के घी का इस्तेमाल हो रहा है. मंदिर परिसर के पाणिनी क्षेत्र में पूरी साफ-सफाई के बीच प्रसाद तैयार किया जा रहा है. फिलहाल, इन लड्डुओं की कीमत 370 रुपए प्रति किलो रखी गई है.
मशीन से होती है पूरी प्रक्रिया
लड्डू बनाने की प्रक्रिया पूरी तरह मशीनों के जरिए की जाती है, ताकि साफ-सफाई और गुणवत्ता बनी रहे. कारीगर ब्रह्म मुहूर्त में स्नान और पूजा करने के बाद ही काम शुरू करते हैं. साथ ही, हर साल उनका मेडिकल चेकअप भी कराया जाता है.
12 काउंटरों से मिलेगा प्रसाद
राम नवमी के दिन मंदिर परिसर के अंदर काउंटर नहीं लगाए जाएंगे. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर के बाहर अलग-अलग जगहों पर करीब 12 काउंटर बनाए जा रहे हैं. ये काउंटर महावीर मंदिर से लेकर वीर कुंवर सिंह पार्क तक लगाए जाएंगे.
जरूरत पर तुरंत बढ़ेगी सप्लाई
मंदिर प्रशासन ने 18 हजार किलो लड्डू पहले से तैयार रखे हैं. भीड़ बढ़ने पर अतिरिक्त 6 हजार किलो लड्डू बनाने की भी तैयारी है. पिछले साल के अनुभव को देखते हुए इस बार लक्ष्य बढ़ाकर 24 हजार किलो रखा गया है.
FSSAI से जांच के बाद आता है घी
मंदिर में इस्तेमाल होने वाला घी पूरी तरह जांचा-परखा होता है. कर्नाटक मिल्क फेडरेशन का नंदिनी घी इस्तेमाल किया जाता है, जो FSSAI की टेस्टिंग के बाद ही यहां पहुंचता है. मंदिर को ‘भोग’ सर्टिफिकेट भी मिल चुका है, जो शुद्धता का प्रमाण है.
1992 से मिल रहा है नैवेद्यम प्रसाद
महावीर मंदिर में नैवेद्यम प्रसाद की शुरुआत 22 अक्टूबर 1992 को हुई थी. हर महीने यहां करीब 1 लाख 20 हजार किलो लड्डू तैयार किए जाते हैं. इसके लिए 30 हजार किलो चना दाल और 60 हजार किलो चीनी का इस्तेमाल होता है.
भक्तों के लिए खास आकर्षण
राम नवमी के मौके पर महावीर मंदिर का नैवेद्यम प्रसाद श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण होता है. हर साल लाखों लोग यहां दर्शन के साथ-साथ इस प्रसाद को लेने जरूर आते हैं. इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










