कैंपस : जेइइ एडवांस्ड 26 को, जूतों के स्थान पर चप्पल व सैंडल पहन कर आना होगा

Published at :22 May 2024 9:58 PM (IST)
विज्ञापन
कैंपस : जेइइ एडवांस्ड 26 को, जूतों के स्थान पर चप्पल व सैंडल पहन कर आना होगा

आइआइटी मद्रास की ओर से ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन (जेइइ) एडवांस्ड 2024 का आयोजन 26 मई को होगा. यह परीक्षा 222 शहरों में दो शिफ्टों में ऑनलाइन होगी.

विज्ञापन

-अंगूठी, ब्रेसलेट, बड़े बटन वाले कपड़ों पर रोक

-26 मई को ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की जायेगी

-जेइइ एडवांस्ड में बिहार से 13588 स्टूडेंट्स होंगे शामिल

संवाददाता, पटना

आइआइटी मद्रास की ओर से ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन (जेइइ) एडवांस्ड 2024 का आयोजन 26 मई को होगा. यह परीक्षा 222 शहरों में दो शिफ्टों में ऑनलाइन होगी. पहली शिफ्ट सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी और दूसरी शिफ्ट दोपहर 2:30 से शाम 5:30 बजे तक होगी. परीक्षा में बिहार से 13588 स्टूडेंट्स शामिल हो रहे हैं. छात्रों को जेइइ एडवांस सेंटर पर एडमिट कार्ड के साथ एक वैध आइडी प्रूफ लेकर आने को कहा गया है. एडमिट कार्ड में इस वर्ष अलग-अलग रिपोर्टिंग टाइम नहीं दी गयी है. सभी स्टूडेंट्स को पेपर-1 के लिए सुबह सात बजे परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करने को कहा गया है. पेपर-2 के लिए दोपहर 2 बजे लॉगइन कर सकेंगे. परीक्षा हॉल में परीक्षार्थियों को पारदर्शी बोतल में पीने का पानी व पेन, पेंसिल लाने की अनुमति दी गयी है. परीक्षा हॉल में घड़ी, मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, इयरफोन, माइक्रोफोन समेत अन्य किसी भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस लाने की अनुमति बिल्कुल नहीं है. पकड़े जाने पर उम्मीदवारी रद्द कर कार्रवाई की जायेगी. परीक्षार्थियों को अंगूठी, रिंग, ब्रेसलेट, इयररिंग्स, नोज पिन, ताबीज, झुमके, चेन, हार, लटकन, बैज, ब्रोच, बड़े बटन वाले कपड़े जैसी कोई चीज परीक्षा केंद्र पर पहन कर नहीं आना है. जूतों के स्थान पर चप्पल व सैंडल पहन कर आना होगा.

बारकोड रीडर के माध्यम से लैब होगा आवंटित

स्टूडेंट्स के प्रवेश पत्रों पर दिये गये बारकोड को स्कैन कर परीक्षा केंद्रों के एंट्री प्वाइंट पर ही उन्हें परीक्षा देने के लिए लैब आवंटित की जायेगी. रफ वर्क करने के लिए प्रत्येक पेपर में स्क्रैंबल पैड दिये जायेंगे. स्क्रैंबल पैड को परीक्षा समाप्त होने के बाद स्टूडेंट अपने साथ ले जा सकता है. परीक्षा में स्वयं का पेन एवं पेंसिल ले जाने होंगे.

राज्य के 10 शहरों में जेइइ एडवांस्ड का होगा आयोजन:

इसके लिए बिहार में पटना सहित 10 शहरों में परीक्षा केंद्र बनाये जायेंगे. पटना के साथ-साथ आरा, औरंगाबाद, भागलपुर, दरभंगा, गया, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, रोहतास और सीतामढ़ी जिलों में सेंटर बनाये गये हैं. 10 शहरों को मिला कर करीब 40 सेंटर बनाये गये हैं. इन सेंटरों पर 13588 स्टूडेंट्स शामिल होंगे.

नौ जून को जारी होगा रिजल्ट

जेइइ एडवांस्ड 26 मई (पेपर 1- सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक, पेपर 2- दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक) को होगा. जेइइ एडवांस्ड आंसर शीट, रिस्पॉन्स शीट वेबसाइट पर 31 मई शाम पांच बजे जारी की जायेगी. आंसर-की दो जून सुबह 10 बजे जारी की जायेगी. प्रोविजनल आंसर-की पर फीडबैक और कमेंट्स दो जून सुबह 10 बजे से तीन जून शाम पांच बजे तक कर सकते हैं. फाइनल आंसर-की और रिजल्ट नौ जून सुबह 10 बजे जारी कर दी जायेगी. आइआइटी व एनआइटी में एडमिशन प्रक्रिया 10 जून से शुरू हो जायेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन