पटना: मैट्रिक प्रोत्साहन राशि के बदले रिश्वत लेने वाले प्रभारी प्रधानाध्यापक को छह वर्ष की सजा, जुर्माना भी लगाया
निगरानी अन्वेषण
पटना में भ्रष्टाचार के एक मामले में तत्कालीन प्रभारी प्रधानाध्यापक उपेन्द्र शर्मा को दोषी करार दिया गया है. उन्हें मैट्रिक परीक्षा में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण छात्रा को प्रोत्साहन राशि देने के बदले रिश्वत मांगने के आरोप में सजा सुनाई गई है.
Patna News : पटना में विशेष न्यायाधीश (निगरानी) पटना अतुल कुमार सिंह ने भ्रष्टाचार के एक मामले में तत्कालीन प्रभारी प्रधानाध्यापक उपेन्द्र शर्मा को दोषी करार देते हुए 3-3 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है. यह फैसला निगरानी थाना कांड संख्या-44/2013 से संबंधित विशेष वाद संख्या-49/2013 में सुनाया गया.
दो धाराओं में सुनाई गई सजा
न्यायालय ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 तथा धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(d) के तहत प्रत्येक आरोप में तीन-तीन वर्ष के सश्रम कारावास और 10-10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई. जुर्माना नहीं देने पर तीन माह का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा.
चेक देने के बदले मांगी थी 2 हजार रुपये रिश्वत
विशेष लोक अभियोजक (ट्रैप) विजय भानु उर्फ पुट्टू बाबू ने बताया कि उपेन्द्र शर्मा, तत्कालीन प्रभारी प्रधानाध्यापक, दमोदर उच्च विद्यालय, रघुनाथपुर (पालीगंज) में पदस्थापित थे. उन्होंने मैट्रिक परीक्षा में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण छात्रा गौरवी रंजन को मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना के 10 हजार रुपये का चेक देने के बदले 2,000 रुपये रिश्वत की मांग की थी.
रंगे हाथ गिरफ्तार हुआ था आरोपी, 10 गवाहों के बयान के आधार पर दोषी करार
शिकायत के सत्यापन के बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की ट्रैप टीम ने 24 जुलाई 2013 को पटना के ए.एन. कॉलेज रोड स्थित गैसोलीन पेट्रोल पंप के पास आरोपी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था. अभियोजन पक्ष की ओर से 10 गवाहों की गवाही और प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय ने उपेन्द्र शर्मा को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए





