ePaper

बिहार में उफनाई चार नदियां: अलर्ट जारी…बढ़ी तटबंधों की निगरानी

Updated at : 03 Sep 2025 10:49 AM (IST)
विज्ञापन
Four rivers overflow in Bihar

सांकेतिक तस्वीर

Bihar Flood: नेपाल व उत्तर बिहार के कई हिस्सों में बारिश के कारण राज्य की नदियां उफान पर है. इन दिनों गंडक, कोसी, बागमती, महानंदा और कमला बलान नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही है. जानकारी के अनुसार गंडक और कोसी नदी में इस साल सर्वोच्च जलस्तर रिकॉर्ड किया गया है.

विज्ञापन

Bihar Flood: नेपाल व उत्तर बिहार के कई हिस्सों में बारिश के कारण राज्य की नदियां उफान पर है. इन दिनों गंडक, कोसी, बागमती, महानंदा और कमला बलान नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही है. जानकारी के अनुसार गंडक और कोसी नदी में इस साल सर्वोच्च जलस्तर रिकॉर्ड किया गया है. गंडक में मंगलवार देर शाम रिकॉर्ड 3.15 लाख क्यूसेक पानी डिस्चार्ज हुआ तो कोसी में 2.30 लाख क्यूसेक पानी आया है. इन दोनों ही नदियों में यह इस मानसून सीजन का सबसे अधिक पानी था. गंडक नदी में हर घंटे दो सेंटीमीटर तो वहीं कोसी में हर घंटे एक सेंटीमीटर पानी की वृद्धि हो रही है. वहीं दूसरी ओर नदियों में भारी मात्रा में पानी के आने के बाद कोसी के वीरपुर बराज और गंडक नदी के वाल्मीकिनगर बराज के सारे गेट खोले गए हैं.

लगातार बढ़ रहा जलस्तर

गंडक नदी के जलग्रहण क्षेत्रों में 160 मिलीमीटर, बागमती के जलग्रहण क्षेत्र में 77 मिमी, कोसी में 80 मिमी बारिश दर्ज की गई है. इसके बाद नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. गंडक नदी गोपालगंज में खतरे के निशान से 28 सेंटीमीटर तो कोसी सुपौल में खतरे के निशान से 1.43 मीटर व खगड़िया में 51 सेंमी ऊपर बह रही है. ठीक इसी तरह बागमती मुजफ्फरपुर के औराई में खतरे के निशान से 1.25 मीटर तो गायघाट में 1 मीटर ऊपर पहुंच चुकी है. वहीं, कमला बलान मधुबनी के जयनगर में 35 सेमी व झंझारपुर में 80 सेंमी ऊपर बह रही है. इनके जलस्तर में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है.

सीमांचल में खतरे के निशान के ऊपर महानंदा

सीमांचल क्षेत्र में महानंदा खतरे के निशान के ऊपर बह रही है, तो वहीं कनकई व परमान के जलस्तर में भी लगातार वृद्धि हो रही है. कटिहार जिले के आजमनगर प्रखंड के आधा दर्जन गांवों में महानंदा का पानी घुस चुका है. गंडक का पानी वीटीआर के वाल्मीकिनगर व मदनपुर वन क्षेत्र के निचले इलाकों में फैल चुका है. इसकी वजह से जानवर रिहायशी इलाकों में पहुंच रहे हैं. गंडक के पानी का दबाव बगहा शहर के करीब आधा दर्जन जगहों पर बढ़ गया है. ठकराहा, पिपरासी, मधुबनी, बैरिया और नौतन के निचले व दियारा इलाकों में भी पानी तेजी से फैलने लगा है.

जल संसाधन विभाग का अलर्ट जारी

राज्य में नदियों में उफान और उनके लगातार खतरे के निशान के ऊपर जाने के बाद जल संसाधन विभाग ने पूरे बिहार में अलर्ट जारी कर दिया है. तटबंधों की निगरानी बढ़ा दी गई है. जिन नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, उनके तटबंधों की विशेष निगरानी की जा रही है. संबंधित इंजीनियरों को तटबंधों पर विशेष नजर रखने को कहा गया है. तटबंध पर किसी तरह के कटाव या क्षतिग्रस्त होने पर तुरंत उसकी सूचना मुख्यालय को देने का निर्देश जारी किया गया है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

पटना में खतरे के निशान से नीचे गंगा

प्राप्त जानकारी के अनुसार गंगा, सोन और पुनपुन नदियों के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. वहीं, गांधीघाट में गंगा नदी अपने खतरे के निशान से महज एक मीटर नीचे रह गई है. नदी का जलस्तर पटना जिले में तीनों जगहों पर तेजी से बढ़ा है. वहीं, सोन और पुनपुन नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी हुई है. गांधीघाट में गंगा का जलस्तर मंगलवार को 47.45 था जो खतरे के निशान 48.60 मीटर से एक मीटर नीचे है. यहां नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है.

इसे भी पढ़ें: बिहार के इस जिले में बनेगा 3 लेन का शानदार पुल, 589 करोड़ होंगे खर्च

विज्ञापन
Rani Thakur

लेखक के बारे में

By Rani Thakur

बंगाल की धरती पर एक दशक से अधिक समय तक समृद्ध पत्रकारिता अनुभव के साथ, रानी ठाकुर अब बिहार की धरती पर अपनी लेखनी से पहचान बना रही हैं. कोलकाता में कई राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित अखबारों के लिए रिपोर्टिंग और सब-एडिटिंग का अनुभव हासिल करने के बाद, वे अब प्रभात खबर के डिजिटल डेस्क से जुड़ी हैं, जहां वे लाइफ स्टाइल की खबरों के माध्यम से अपनी रचनात्मक सोच और पत्रकारिता कौशल को नई दिशा दे रही हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन