बिहार के विश्वविद्यालयों में शुरू होंगे टेक्सटाइल, फूड प्रोसेसिंग और आइटी इंडस्ट्रीज से जुड़े कोर्स
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 01 Aug 2022 5:55 AM
बिहार के औद्योगिक क्षेत्र में प्रशिक्षित और तकनीकी तौर पर सक्षम युवा मिल सकेंगे इसलिए बिहार के विश्वविद्यालयों में टेक्सटाइल, फूड प्रोसेसिंग और आइटी इंडस्ट्रीज से जुड़े कोर्स के शुरुआत करने की तैयारी की जा रही है.
बिहार के विश्वविद्यालयों में इंडस्ट्रीज लिंक कोर्स की पढ़ाई शुरू होगी. बिहार उच्चतर शिक्षा परिषद इसकी तैयारी कर रही है. टेक्सटाइल, फूड प्रोसेसिंग और आइटी इंडस्ट्रीज से जुड़े कोर्स डिजाइन किये जा रहे हैं, ताकि बिहार के औद्योगिक क्षेत्र में प्रशिक्षित और तकनीकी तौर पर सक्षम युवा मिल सकेंगे.
परिषद का मानना है कि इस तरह की कवायद से संबंधित विषयों में उद्योग जगत की मदद भी मिल सकेगी. बिहार उच्चतर शिक्षा परिषद के शीर्ष पदाधिकारियों ने बैठक कर हाल ही में व्यापक विचार-मंथन किया. बैठक में राज्य में उद्योगों से जुड़े पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए ‘नीड एसेसमेंट’ कराने की बात कही गयी, ताकि विश्वविद्यालयों काे इस संबंध में प्रोत्साहित किया जा सके. परियोजना के शिक्षण विशेषज्ञ डॉ गौरव सिक्का ने इस संबंध में अपनी विशेष राय रखी.
बिहार उच्चतर शिक्षा परिषद के उपाध्यक्ष डॉ कामेश्वर झा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में नैक एक्सपर्ट के रूप में आमंत्रित किये गये चंद्रगुप्त इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट के निदेशक डॉ राणा सिंह से आग्रह किया गया कि वह नैक एक्रिडेशन, एनआइआरएफ आदि रैंकिंग में अपनी विशेषज्ञीय सलाह और सहायता दें.
डॉ झा के मुताबिक बिहार इस संबंध में एक्शन प्लान बना रहा है. डॉ राणा ने बताया कि बिहार के कुछ विश्वविद्यालयों में ‘इन्क्यूबेशन’ सेंटर की स्थापना के लिए ‘इनोवेशन काउंसिल’ की स्थापना राज्य स्तर पर किये जाने की जरूरत है. इन्क्यूबेशन सेंटर उन संस्थानों को कहा जाता है, जो किसी नये संस्थान को मेंटरशिप, ट्रेनिंग, लीगल सपोर्ट, एंटरप्रेन्योरशिप आदि में सहायता करते हैं.
Also Read: पटना जंक्शन पर 68 किलो चांदी की ज्वेलरी के साथ एक गिरफ्तार, दिल्ली से लाए जा रहे थे जेवर
नैक और पैक प्रोविजनल एक्रिडेशन के संदर्भ में व्यापक चर्चा हुई. बैठक में परिषद के उपसचिव राम सागर सिंह, उपसचिव परियोजना डॉ अर्चना ,शैक्षणिक सलाहकार प्रो एनके अग्रवाल, एजुकेशन एंड एक्जामिनेशन रिफॉर्म एक्सपर्ट डॉ फ्रांसिस सी पीटर और शैक्षणिक पदाधिकारी गौरव सिक्का आदि उपस्थित रहे. उल्लेखनीय है कि इससे पहले परिषद के पदाधिकारियों ने उद्योग आधारित लिंक कोर्स के संदर्भ में उद्योग विभाग के निदेशक पंकज दीक्षित से मुलाकात की थी. अनौपचारिक तौर पर इस प्रस्ताव से सब सहमत थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










