दाखिल-खारिज में लापरवाही पर पुनपुन की सीओ के खिलाफ होगी विभागीय कार्रवाई, दो लिपिक सस्पेंड

Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 26 Sep 2024 1:55 AM

विज्ञापन

दाखिल-खारिज में लापरवाही को लेकर पुनपुन की सीओ ममता कुमारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई होगी. साथ ही पुनपुन अंचल कार्यालय के प्रधान लिपिक व संतोष त्रिपाठी को निलंबित कर दिया गया है.

विज्ञापन

संवाददाता,पटना : डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह ने बुधवार को पुनपुन अंचल व प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण किया. इस दौरान अंचल कार्यालय में कार्यों में गंभीर लापरवाही, कार्यालय का खराब रखरखाव, अभिलेखों के मेंटेन में शिथिलता व स्थानीय लोगों में अंचल कार्यालय की कार्यसंस्कृति के प्रति काफी आक्रोश देखने को मिला. पिछले साल के दाखिल-खारिज के 189 मामले लंबित पाये गये. सबसे पुराने पांच लंबित मामलाें को चार अप्रैल, 2023 से अब तक निबटारा नहीं किया गया है. डीएम ने कार्यों में लापरवाही को लेकर सीओ ममता कुमारी के खिलाफ प्रपत्र-””क”” गठित कर एक सप्ताह के अंदर उपलब्ध कराने का निर्देश मसौढ़ी के एसडीओ अमित कुमार पटेल को दिया. इसके बाद सीओ पर विभागीय कार्रवाई के साथ अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी. डीएम ने एक माह से गायब अंचल के प्रधान लिपिक धर्मेंद्र कुमार व उच्चवर्गीय लिपिक संतोष त्रिपाठी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया. राजस्व कर्मचारी अरुण कुमार शर्मा के खिलाफ शिकायत मिलने पर भी सीओ द्वारा कोई कार्रवाई नहीं किये जाने को लेकर उक्त कर्मी के खिलाफ मसौढ़ी एसडीओ को रिपोर्ट करने का निर्देश दिया.

दाखिल-खारिज के 2791 मामले लंबित :

डीएम ने कहा कि अंचल कार्यालय, पुनपुन में कार्यों की स्थिति खराब पायी गयी..दाखिल-खारिज के 2791 मामले अब तक लंबित हैं. परिमार्जन प्लस के 900 आवेदनों में केवल 42 आवेदनों का निबटारा किया गया. मौजा डुमरी की तुलसी देवी का दाखिल-खारिज वाद संख्या 105/2023-24 का निबटारा अब तक नहीं किया गया है. सीओ के निर्णय के लिए मामले आठ अप्रैल, 2024 से ही लंबित हैं. परिमार्जन के पुराने आवेदनों का कोई अभिलेख मेंटेन नहीं होने के बावजूद सीओ द्वारा शत-प्रतिशत निबटारा दिखाया गया. इ-मापी के 235 में केवल 108 आवेदनों को निष्पादित किया गया. डीएम ने निरीक्षण में पाया कि सीओ का अपने कार्यालय पर कोई नियंत्रण नहीं है. दो अंचल कर्मियों के एक माह से अधिक समय से कार्यालय से अनुपस्थित रहने पर भी कोई कार्रवाई नहीं की गयी. प्रखंड कार्यालय का काम सही पाया : डीएम ने प्रखंड कार्यालय, पुनपुन का भी निरीक्षण किया गया. उन्होंने लोगों से फीडबैक लेने के साथ उनकी समस्याओं को सुनकर ऑन द स्पॉट समाधान भी किया. उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन व कार्यों में प्रगति की समीक्षा की. प्रखंड कार्यालय काम सही मिला. डीएम ने लोक सेवा केंद्र, आपूर्ति कार्यालय, पंचायती राज कार्यालय, कृषि, सांख्यिकी, सहकारिता, कल्याण, मनरेगा सहित विभिन्न शाखाओं एवं कार्यालयों का निरीक्षण किया. पदाधिकारियों व कर्मियों की उपस्थिति की जांच की. डीएम ने कहा कि बायोमेट्रिक अटेंडेंस के आधार पर ही प्रखंड स्तरीय कर्मियों की वेतन निकासी होगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन