दानापुर ज्वेलर्स चोरीकांड का खुलासा, तीन चोर गिरफ्तार; 5 लाख के आभूषण बरामद
दानापुर में तीन चोर गिरफ्तार।
Danapur Jewellery Shop Theft: दानापुर के पतलापुर बाजार स्थित श्रीराम ज्वेलर्स दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 5 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, स्कॉर्पियो और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट
Danapur Jewellery Shop Theft: दानापुर में पिछले 7 जून को दियारा के पतलापुर बाजार के श्रीराम ज्वेलर्स दुकान में चोरी मामले में स्थानीय पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने इस कांड में शामिल तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार चोरों के पास से चोरी किए गए करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के कीमती आभूषण, घटना में प्रयुक्त की गई स्कार्पियो वाहन व मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीघा नहर निवासी पंकज कुमार उर्फ छोटा, न्यू गोसाई टोला दानापुर निवासी वीरू कुमार और हावसपुर शाहपुर निवासी राहुल कुमार के रूप में हुई है.
एएसपी शिवम धाकड़ ने किया खुलासा
इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए दानापुर एएसपी शिवम धाकड़ ने मंगलवार को एक प्रेस वार्ता आयोजित की. उन्होंने बताया कि चोरी की इस वारदात के बाद पीड़ित ज्वेलर्स दुकानदार द्वारा स्थानीय थाने में एक लिखित मामला दर्ज कराया गया था. मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया और विशेष टीम का गठन किया. पुलिस के वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी सेल की मदद के आधार पर सबसे पहले न्यू गोसाई टोला निवासी वीरू कुमार को ट्रैक कर गिरफ्तार किया गया, जिससे पूछताछ में कई अहम सुराग मिले.
फरार मुख्य आरोपी के घर से मिले जेवरात
गिरफ्तार वीरू कुमार की कड़ाई से की गई निशानदेही पर पुलिस ने छापेमारी कर पंकज कुमार (दीघा नहर) व हवासपुर निवासी राहुल कुमार को दबोचा. हालांकि, इस कांड का मुख्य आरोपी पंकज कुमार यादव (नंदी चौक नासरीगंज बिस्कुट फैक्ट्री मोड़ निवासी) फिलहाल फरार चल रहा है. गिरफ्तार तीनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने फरार मुख्य आरोपी पंकज कुमार यादव के घर पर सघन छापेमारी की, जहां से चोरी के सात जोड़ी सोने की कानबाली, 13 पीस सोने के लॉकेट, आठ पीस चांदी के आभूषण, एक चांदी का कड़ा एवं बैरा और सात पीस चांदी की सिकड़ी बरामद हुई.
स्कॉर्पियो जब्त, आरोपी भेजे गए जेल
पुलिस द्वारा बरामद किए गए इन सभी सोने और चांदी के आभूषणों की कुल अनुमानित बाजार कीमत करीब पांच लाख रुपये आंकी जा रही है. इसके साथ ही वारदात को अंजाम देने के लिए उपयोग में लाई गई स्कॉर्पियो गाड़ी और मोबाइल फोन को भी पुलिस ने आधिकारिक तौर पर जब्त कर लिया है. एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार राहुल, पंकज और वीरू से सघन पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. वहीं, फरार मुख्य सरगना पंकज कुमार यादव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Vikash Jha
विकाश झा एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और कंटेंट प्रोफेशनल हैं, जिन्हें मीडिया, डिजिटल कंटेंट और सोशल मीडिया कम्युनिकेशन के क्षेत्र में छह वर्षों से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक और माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है। पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2020 में भोपाल से हुई, जिसके बाद उन्होंने ETV Bharat, Bharat Express और News24 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदार भूमिकाओं का निर्वहन किया। News24 से आगे बढ़ते हुए उन्होंने Adglobal360 India Pvt. Ltd. के माध्यम से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया। स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं। क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव है और वे क्रिकेट को सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपनी लेखनी का महत्वपूर्ण विषय मानते हैं। उन्हें यात्रा करना, नए लोगों और स्थानों को जानना तथा समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है। मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले विकाश डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में तथ्यों पर आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










