Bihar Weather: बिहार में बारिश का दौर थमा, अब चढ़ेगा पारा! अगले कुछ दिनों में बढ़ेगी तपिश

Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 24 Mar 2025 6:31 AM

विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

Bihar Weather: बिहार में तीन दिनों की बारिश के बाद मौसम ने करवट ले ली है. आसमान साफ होते ही तेज धूप महसूस होने लगी है, जिससे तापमान में बढ़ोतरी हो रही है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले कुछ दिनों में गर्मी और तेज होगी, और तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है.

विज्ञापन

Bihar Weather: बिहार में बीते तीन दिनों से जारी बारिश और वज्रपात की घटनाओं का सिलसिला आखिरकार थम गया है. अब मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. आसमान पूरी तरह साफ होने के चलते सूरज की किरणें बिना किसी रुकावट के धरती तक पहुंच रही हैं, जिससे तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में राज्य में गर्मी का असर और तेज होगा.

तापमान में 3-4 डिग्री की बढ़ोतरी संभव

पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक कुमार गौरव के मुताबिक, वर्तमान मौसमी प्रणाली के चलते बिहार में अब मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है. इस बदलाव के कारण राज्य के कई इलाकों में गर्मी का अहसास बढ़ेगा और दोपहर के समय लू जैसी स्थिति भी बन सकती है.

मौसमी सिस्टम की वर्तमान स्थिति

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, एक चक्रवातीय परिसंचरण उत्तर-पूर्वी असम के ऊपर समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊंचाई पर बना हुआ है. इसके अलावा, उत्तर प्रदेश के ऊपर भी इसी ऊंचाई पर एक अन्य चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है. इन मौसमी गतिविधियों के कारण अब तापमान में वृद्धि होगी. अगले तीन से चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में चार डिग्री तक का उछाल आने की संभावना जताई गई है.

आज कैसा रहेगा मौसम?

सोमवार, 24 मार्च को बिहार का मौसम शुष्क बना रहेगा. दिन के समय तेज धूप पड़ेगी, जिससे गर्मी महसूस होगी. अधिकतम तापमान 32°C से 35°C के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 18°C से 20°C तक रह सकता है. सुबह 8:30 बजे तक पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, अररिया, बांका और भागलपुर जिलों में तेज हवा के साथ आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी की संभावना है.

बीते दिनों का तापमान कैसा रहा?

रविवार, 23 मार्च को बिहार में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के कारण दिन और रात के तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई. इस दिन गोपालगंज में राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34.1°C रिकॉर्ड किया गया, जबकि अगवानपुर में न्यूनतम तापमान 12.1°C रहा. वहीं, खगड़िया में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 21.1°C दर्ज किया गया.

Also Read: लोजपा नेता की हत्या और करोड़ों की लूट का मास्टरमाइंड था चुनमुन, पुजारी के पोता को पुलिस ने ऐसे किया ढेर

आने वाले दिनों में बढ़ेगी गर्मी

मौसम विभाग की मानें तो अब बिहार में गर्मी का असर तेज होगा. दोपहर के समय धूप तेज रहेगी, जिससे लोगों को असुविधा हो सकती है. विशेषज्ञों की सलाह है कि इस दौरान घर से बाहर निकलने पर धूप से बचाव के उपाय अपनाने चाहिए. हल्के और सूती कपड़े पहनना, पानी ज्यादा मात्रा में पीना और सीधे धूप में जाने से बचना जरूरी होगा.

विज्ञापन
Abhinandan Pandey

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन