बिहार में आंधी-बारिश और ठनका का कहर, आकाशीय बिजली गिरने से 8 लोगों की मौत

सांकेतिक तस्वीर
Bihar Weather News: बिहार में शुक्रवार को तेज आंधी-बारिश के बीच आकाशीय बिजली ने बड़ा कहर बरपाया. पटना, गया, औरंगाबाद, खगड़िया और सारण समेत कई जिलों में ठनका गिरने से 8 लोगों की मौत हो गई.
Bihar Weather News: बिहार में शुक्रवार को मौसम ने अचानक खतरनाक रूप ले लिया. सुबह से ही कई जिलों में तेज आंधी और झमाझम बारिश हुई. काले बादलों से दिन में ही अंधेरा छा गया. इसी बीच आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं ने लोगों में डर पैदा कर दिया. राज्य के अलग-अलग जिलों में ठनका गिरने से अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है. कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं.
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग ने पहले ही सभी जिलों के लिए बारिश और ठनका को लेकर अलर्ट जारी किया था. पटना, खगड़िया, रोहतास, औरंगाबाद, कैमूर, छपरा समेत करीब 20 जिलों में सुबह से मौसम खराब रहा. तेज बारिश और काले बादलों की वजह से लोगों को दिन में भी गाड़ियों की लाइट जलाकर सफर करना पड़ा. विभाग ने अगले तीन दिनों तक ऐसे ही मौसम बने रहने की चेतावनी दी है.
औरंगाबाद में शिक्षक और किसान की मौत
औरंगाबाद जिले में आकाशीय बिजली ने दो लोगों की जान ले ली.
- रफीगंज के भेखनपुरा प्राइमरी स्कूल में तैनात 43 वर्षीय शिक्षक सुनील कुमार सिंह स्कूल परिसर में ही बिजली की चपेट में आ गए. मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
- वहीं दाउदनगर थाना क्षेत्र के केशराड़ी गांव में 55 वर्षीय किसान केदार यादव सुबह टहलने निकले थे. इसी दौरान ठनका गिरने से उनकी जान चली गई.
गयाजी में दो लोगों की मौत
- गया जिले के बरवाडीह गांव में दिनेश यादव नामक व्यक्ति की बिजली गिरने से मौत हो गई. वह सुबह किसी काम से घर से निकले थे.
- वहीं गुलरबेद गांव में दर्दनाक हादसे में 17 वर्षीय मनीषा कुमारी की मौत हो गई. उसकी मां गौरी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं. दोनों बारिश से बचने के लिए महुए के पेड़ के नीचे खड़ी थीं, तभी पेड़ पर बिजली गिर गई.
पटना में दो बच्चियों की दर्दनाक मौत
पटना के परसा बाजार थाना क्षेत्र के सकरैचा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से दो मासूम बच्चियों की मौत हो गई.
- 12 वर्षीय सिमरन कुमारी और 10 वर्षीय स्वीटी कुमारी खेत की ओर बकरी चराने गई थीं. इसी दौरान ठनका गिरा और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.
खगड़िया में युवक की गई जान
खगड़िया के थारूवाटोला गांव में गिरीश यादव किसी काम से घर से बाहर निकले थे. इसी दौरान वह आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई.
छपरा में खेत में काम कर रहे बुजुर्ग की मौत
सारण जिले के रिविलगंज थाना क्षेत्र में खेत में काम कर रहे 60 वर्षीय जगलाल चौधरी की ठनका गिरने से मौत हो गई. वहीं उनके साथ खेत में काम कर रही 35 वर्षीय आरती देवी गंभीर रूप से झुलस गईं. उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है.
लोगों से सतर्क रहने की अपील
लगातार खराब मौसम और ठनका की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. बारिश और गर्जन के दौरान पेड़ के नीचे खड़े नहीं होने और खुले मैदान में जाने से बचने की सलाह दी गई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अभिनंदन पांडेय
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










