चाचा, मामा, फूफा के ब्लैक मनी से खरीद रखी है आपने भी जमीन और गाड़ी, तो ED, CBI को है आपकी तलाश
Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 15 Dec 2025 1:31 PM
CBI की सांकेतिक तस्वीर
Bihar News: बिहार में माफिया की अवैध कमाई पर सरकार का शिकंजा कसता जा रहा है. अब तक 1600 माफिया चिन्हित किए गए हैं, जिनकी बिहार और बाहर बनी संपत्तियों की पहचान कर जब्ती की कार्रवाई तेज कर दी गई है.
Bihar News: बिहार में अब माफिया और बड़े अपराधियों की अवैध संपत्तियों पर सरकार का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है. राज्य सरकार ने ऐसे करीब 1600 माफियाओं की पहचान की है जिन्होंने अपराध के जरिए कमाई गई रकम से बिहार और दूसरे राज्यों में जमीन, मकान, फ्लैट, वाहन और दूसरी महंगी संपत्तियां खड़ी की हैं. अब इन सभी संपत्तियों की पहचान कर उन्हें जब्त करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है.
ज्यादातर संपत्तियां रिश्तेदारों या करीबियों के नाम पर
गृह विभाग के अनुसार, अब तक करीब 400 माफिया की संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज अदालत में सौंपे जा चुके हैं. ये संपत्तियां बालू माफिया, जमीन माफिया, शराब तस्करी और अन्य संगठित अपराधों से अर्जित की हुई बताई जा रही हैं. पुलिस जांच में सामने आया है कि कानून से बचने के लिए ज्यादातर संपत्तियां रिश्तेदारों या करीबियों के नाम पर रजिस्टर्ड कराई गई हैं.
बिहार पुलिस अलग-अलग विभागों से जुटा रही जानकारी
संपत्तियों का पता लगाने के लिए बिहार पुलिस अलग-अलग सरकारी विभागों से जानकारी जुटा रही है. जमीन और मकान से जुड़ी जानकारी राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग और निबंधन विभाग से ली जा रही है. वहीं, गाड़ियों और अन्य वाहनों की जानकारी परिवहन विभाग से जुटाई जा रही है. इस पूरी प्रक्रिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की भी मदद ली जा रही है, ताकि संदिग्ध लेन-देन और संपत्तियों को आसानी से चिन्हित किया जा सके.
नोटिस भेजकर की जा रही है पूछताछ
राज्य सरकार को केंद्र सरकार की एजेंसियों का भी पूरा सहयोग मिल रहा है. आयकर विभाग, ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियां बैंक खातों, पैन कार्ड, आधार, आयकर रिटर्न और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की जांच में मदद कर रही हैं. जिन लोगों ने अपनी आयकर रिटर्न में संपत्ति की सही जानकारी नहीं दी है, उन्हें नोटिस भेजकर पूछताछ की जा रही है. बेनामी संपत्तियों के मामले में उनके असली मालिक तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है.
सही कीमत तय करने के लिए बनाई गई है एक विशेष
संपत्तियों की सही कीमत तय करने के लिए एक विशेष टीम बनाई गई है. इस टीम में भवन निर्माण विभाग, राजस्व विभाग और अन्य विशेषज्ञ अधिकारी शामिल हैं. ये अधिकारी बाजार मूल्य या सरकारी दर के आधार पर संपत्ति का मूल्यांकन कर रिपोर्ट तैयार करेंगे, जिसे पुलिस के माध्यम से अदालत में पेश किया जाएगा.
माफियाओं ने बिहार से बाहर भी खरीदी हैं संपत्तियां
जांच में यह भी सामने आया है कि कई माफिया ने कार्रवाई से बचने के लिए बिहार के बाहर भी संपत्तियां खरीदी हैं. ऐसी संपत्तियों की जांच की जिम्मेदारी संबंधित जिलों के डीएम और एसपी को दी गई है. दूसरे राज्यों में मौजूद संपत्तियों का सत्यापन वहां के जिला प्रशासन से कराया जाएगा.
सरकार का साफ कहना है कि अपराध से कमाई गई एक-एक संपत्ति का हिसाब लिया जाएगा. इस अभियान के जरिए माफिया नेटवर्क की कमर तोड़ने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण लगाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










