ePaper

Photos: बिहार की नदियों का पेट भरा, लाल निशान के ऊपर बह रही गंगा-गंडक-कोसी में जबरदस्त उफान

Updated at : 05 Aug 2025 3:53 PM (IST)
विज्ञापन
bihar ganga news

पटना में गंगा घाट

Photos: बिहार की नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. गंगा-कोसी और गंडक समेत तमाम प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं. बाढ़ का पानी कई इलाकों में फैल चुका है.

विज्ञापन

बिहार की नदियां इन दिनों उफनाई हुई हैं. बक्सर से लेकर पटना और भागलपुर तक गंगा का जलस्तर खतरे के निशान के पार जा चुका है. बक्सर में गंगा में जबरदस्त उफान है. चौसा-मोहनिया हाइवे पर अब बाढ़ का पानी तीन फुट के करीब चढ़ चुका है. जिससे इस हाइवे पर गाड़ियों का चलना बंद हो चुका है. पटना में भी गंगा लाल निशान के ऊपर बह रही है और कई इलाकों में पानी अब घरों में घुसने लगा है. भागलपुर में भी ऐसे ही हालात बने हुए हैं. राज्य की अन्य प्रमुख नदियों का जलस्तर भी खतरे के निशान के ऊपर है.

बक्सर में गंगा में उफान

बक्सर में गंगा खतरे के निशान से ऊपर बह रही है. बक्सर में गंगा का डेंजर लेवल 60.32 सेंटीमीटर है जबकि मंगलवार को दोपहर 2 बजे के आंकड़े के अनुसार गंगा 60.78 सेमी पर बह रही थी. गंगा उफनाई तो तबाही का मंजर दिखना शुरू हुआ. सदर प्रखंड के अलावा चौसा, सिमरी, ब्रह्मपुर, चक्की आदि प्रखंडों में बाढ़ की तबाही दिखनी शुरू हो गयी. शहर का निचला हिस्सा भी बाढ़ से प्रभावित होने लगा है. बनारपुर गांव के रिहायशी इलाकों में घर के अंदर पानी घुस चुका है. नाव के सहारे लोग आना-जाना कर रहे हैं.

ALSO READ: Bihar Flood Video: टापू बन गए बेगूसराय के ये गांव, मेन रोड को भी बाढ़ के पानी ने घेरा…

बक्सर में बाढ़

पटना में गंगा खतरे के निशान के ऊपर बह रही है. गांधीघाट और दीघाघाट पर मंगलवार दोपहर को भी गंगा खतरे के निशान के ऊपर बह रही है. पटना में पुनपुन और सोन नदी भी डेंजर लेवल के ऊपर बह रही है. गंगा उफनाई को बिंद टोली के घरों में पानी घुस गया. लोग चौकी या ऊंचे जगह पर जाकर खाना बनाने को मजबूर हैं. पशुओं के चारा जुटाने में भी मुश्किल आने लगी है. प्रशासन अलर्ट मोड पर है.

पटना में मंगलवार को गंगा

भागलपुर में गंगा तेजी से बढ़ रही

भागलपुर में गंगा के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. सोमवार को शहर के दीपनगर घाट स्थित पार्षद भवन में पानी घुस गया. यहां के झुग्गी-झोपड़ी वालों को भी अपना ठिकाना बदलना पड़ा. मंगलवार दोपहर दो बजे भागलपुर में गंगा का जलस्तर डेंजर लेवल से ऊपर पाया गया. यहां गंगा का जलस्तर अभी 33.83 सेमी दर्ज हुआ. कहलगांव में गंगा डेंजर लेवल 31.09 के ऊपर बह रही है. जबकि सुलतानगंज में भी गंगा खतरे के निशान से ऊपर बह रही है.

भागलपुर में गंगा

बिहार में कोसी, गंडक समेत अन्य नदियों में भी उफान

बिहार की तमाम प्रमुख नदियों में अभी उफान है. कटिहार के कुरसेला में कोसी नदी मंगलवार को भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है. खगड़िया व सुपौल के वीरपुर में भी कोसी नदी डेंजर लेवल के ऊपर बह रही है. गंडक नदी गोपालगंज और बगहा में भी लाल निशान के ऊपर बह रही है.बागमती नदी सीतामढ़ी में वार्निंग लेवल के ऊपर है. यहां खतरे के निशान से अभी नदी नीचे है.

विज्ञापन
ThakurShaktilochan Sandilya

लेखक के बारे में

By ThakurShaktilochan Sandilya

डिजिटल मीडिया का पत्रकार. प्रभात खबर डिजिटल की टीम में बिहार से जुड़ी खबरों पर काम करता हूं. प्रभात खबर में सफर की शुरुआत 2020 में हुई. कंटेंट राइटिंग और रिपोर्टिंग दोनों क्षेत्र में अपनी सेवा देता हूं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन