बिहार के वाहन मालिकों के लिए जरूरी खबर, ई-चालान नहीं भरा तो RC होगी ब्लैकलिस्ट, सड़क पर पकड़ी गई गाड़ी होगी जब्त

Updated:
विज्ञापन
bihar traffic challan news

सांकेतिक तस्वीर

Bihar Traffic Challan: बिहार में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी अब भारी पड़ सकती है. परिवहन विभाग ने लंबे समय से लंबित ई-चालान वाले वाहन मालिकों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है. इसके तहत अब सीधे RC ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जा रही है.

विज्ञापन

Bihar Traffic Challan: बिहार में ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले वाहन मालिकों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है. जिन लोगों ने लंबे समय से ई-चालान जमा नहीं किया है, उनकी गाड़ियों का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC) ब्लैकलिस्ट किया जा रहा है. ऐसे वाहन अगर सड़क पर चलते मिले तो उन्हें जब्त भी किया जा सकता है.

दो लाख से ज्यादा ई-चालान पेंडिंग

विभाग के अनुसार, राज्यभर में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन से जुड़े दो लाख से अधिक ई-चालान अभी तक लंबित हैं. कई वाहन मालिकों ने बार-बार नोटिस मिलने के बाद भी जुर्माना जमा नहीं किया. अब ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाया जा रहा है.

पटना में 35 हजार वाहनों की RC ब्लैकलिस्ट

पटना में अब तक करीब 35 हजार वाहनों की RC ब्लैकलिस्ट की जा चुकी है. इन वाहनों की सूची ट्रैफिक पुलिस को भी भेज दी गई है. अब अगर इनमें से कोई वाहन सड़क पर चलता मिला तो पुलिस उसे जब्त कर सकती है.

पूरे बिहार में होगी कार्रवाई

परिवहन विभाग अब राज्य के करीब एक लाख और वाहनों को ब्लैकलिस्ट करने की तैयारी कर रहा है. इसके लिए जिलावार सूची तैयार की जा रही है. संबंधित जिलों को जल्द ही यह सूची भेजी जाएगी.

कई साल से नहीं भरा चालान

विभाग का कहना है कि कई वाहन मालिकों ने पिछले सात से आठ साल तक ई-चालान जमा नहीं किया है. कुछ वाहनों पर पांच या उससे अधिक चालान लंबित हैं. ऐसे मामलों में पहले नोटिस भेजे गए. इसके बाद भी भुगतान नहीं होने पर RC ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई शुरू की गई.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

सबसे ज्यादा दोपहिया वाहन

पटना जिले में ब्लैकलिस्ट किए गए 35 हजार वाहनों में करीब 29 हजार दोपहिया वाहन हैं. इन पर हेलमेट नहीं पहनने, गलत दिशा में वाहन चलाने, पीछे बैठे व्यक्ति के हेलमेट नहीं पहनने, ओवरस्पीडिंग और अन्य ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के मामले दर्ज हैं.

समय पर भरें चालान

परिवहन विभाग ने वाहन मालिकों से अपील की है कि लंबित ई-चालान जल्द जमा करें. ऐसा नहीं करने पर RC ब्लैकलिस्ट होने के साथ वाहन जब्त होने जैसी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है. इसलिए समय रहते चालान का भुगतान करना ही सबसे बेहतर विकल्प है.

Also Read: पापा ने कहा था, इतने बड़े सपने मत देखो, बिहार के छोटे से गांव की बेटी ने महज 21 साल की उम्र में अधिकारी बन दिखाया, पढ़िए पूरी कहानी

विज्ञापन
Abhinandan Pandey

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन