पीएमसीएच के नए ओपीडी भवन के पास एक माह में शिफ्ट होगी अमृत फार्मेसी, जांच मशीनें जल्द करने का निर्देश

बैठक करते नगर आयुक्त
पीएमसीएच में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी. प्रमंडलीय आयुक्त ने जांच मशीनें तुरंत चालू करने, अमृत फार्मेसी को ओपीडी भवन के पास शिफ्ट करने के निर्देश दिए हैं. स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की दिशा में ये अहम कदम उठाए जा रहे हैं.
Patna News : पटना प्रमंडलीय आयुक्त मयंक वरवड़े ने पीएमसीएच रोगी कल्याण समिति की बैठक में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर देते हुए कहा कि इलाज, भर्ती और जांच में किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए. उन्होंने निर्देश दिया कि अस्पताल में जांच के लिए उपलब्ध सभी मशीनों को शीघ्र चालू किया जाए, ताकि मरीजों को समय पर जांच की सुविधा मिल सके.
एक माह में नए ओपीडी भवन के पास शिफ्ट होगी अमृत फार्मेसी
आयुक्त ने कार्यकारी एजेंसी एल एंड टी को निर्देश दिया कि नए ओपीडी भवन से दूर स्थित अमृत फार्मेसी को एक माह के भीतर ओपीडी भवन के समीप स्थानांतरित किया जाए. उन्होंने कहा कि वर्तमान में फार्मेसी दूर होने से मरीजों को दवा लेने में परेशानी हो रही है. साथ ही अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन अन्य भवनों का कार्य जल्द पूरा कर पीएमसीएच को हैंडओवर करने का भी निर्देश दिया.
जांच मशीनें चालू करने और तकनीशियन बहाल करने पर जोर
बैठक में आयुक्त ने कहा कि अस्पताल में खरीदी गई सभी जांच मशीनों को जल्द से जल्द चालू किया जाए. यदि मशीनों के संचालन के लिए तकनीशियनों की कमी है तो उनकी बहाली के लिए स्वास्थ्य विभाग को तत्काल प्रस्ताव भेजा जाए, ताकि मरीजों को सभी जांच सुविधाओं का लाभ मिल सके.
गंगा पाथवे की ओर बनेगा नया चेकपोस्ट
प्रमंडलीय आयुक्त ने गंगा पाथवे की ओर से प्रवेश एवं निकास द्वार के लिए चिह्नित स्थल पर बीएमएसआईसीएल के माध्यम से शीघ्र चेकपोस्ट निर्माण कराने का निर्देश दिया. उन्होंने अस्पताल के मुख्य प्रवेश एवं निकास द्वार को अतिक्रमण मुक्त रखने और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता हर समय सुनिश्चित करने पर भी बल दिया.
गृह रक्षा वाहिनी की होगी बायोमेट्रिक हाजिरी
बैठक में पीएमसीएच अधीक्षक को अस्पताल परिसर में कार्यरत गृह रक्षा वाहिनी के सभी जवानों की उपस्थिति बायोमेट्रिक मशीन के माध्यम से दर्ज कराने का निर्देश भी दिया गया.
सात माह में 2.73 लाख मरीजों का हुआ इलाज
पीएमसीएच अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह ने बताया कि जनवरी से जुलाई के बीच ओपीडी में 2.73 लाख से अधिक मरीजों का इलाज किया गया. इनमें से 1.07 लाख मरीजों को अस्पताल में भर्ती कर उपचार उपलब्ध कराया गया. बैठक में डीडीसी शुभम कुमार, आयुक्त के सचिव विनय कुमार, सिविल सर्जन डॉ. योगेंद्र प्रसाद मंडल, बीएमएसआईसीएल के महाप्रबंधक, क्षेत्रीय अपर निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं तथा रोगी कल्याण समिति के सदस्य उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










