Patna Development Plan: पटना में जमीन रजिस्ट्री का रास्ता साफ, पाटलिपुत्र टाउनशिप प्रोजेक्ट पर आया अपडेट, जारी हुआ प्लान

पाटलिपुत्र सेटेलाइट टाउनशिप की जमीन खरीद-बिक्री से हटी रोक (सांकेतिक फोटो)
Patna Development Plan: पटना की पाटलिपुत्र सेटेलाइट टाउनशिप के लिए बिहार सरकार ने इस क्षेत्र में जमीन की खरीद-बिक्री पर लगी रोक हटा दी है. साथ ही डेवलपमेंट प्लान का ड्राफ्ट भी जारी कर दिया गया है. अब लोग पहले की तुलना में आसान तरीके से जमीन खरीद और बेच सकेंगे.
Patna Development Plan: बिहार सरकार ने पटना जिले की प्रस्तावित पाटलिपुत्र सेटेलाइट टाउनशिप को लेकर बड़ा फैसला लिया है. नगर विकास एवं आवास विभाग ने इस टाउनशिप के डेवलपमेंट प्लान का ड्राफ्ट जारी कर दिया है. इसके साथ ही इस इलाके में जमीन की खरीद-बिक्री और हस्तांतरण पर लगी रोक भी हटा दी गई है. विभाग ने इस संबंध में शनिवार को अधिसूचना जारी की और लोगों से 60 दिनों के भीतर सुझाव और आपत्तियां मांगी हैं.
अब किसान सीधे खरीद और बिक्री कर सकेंगे
रोक हटने के बाद पाटलिपुत्र सेटेलाइट टाउनशिप के विशेष क्षेत्र में आने वाले किसान अब अपनी जमीन सीधे खरीद और बेच सकेंगे. पहले इसके लिए उन्हें बिहार राज्य आवास बोर्ड के पास आवेदन देना पड़ता था. जमीन की खरीद-बिक्री की पूरी प्रक्रिया जिला प्रशासन के जरिए होती थी, जिससे लोगों को काफी समय और परेशानी का सामना करना पड़ता था.
फिलहाल सिर्फ पटना को मिली राहत
सरकार ने फिलहाल सिर्फ पाटलिपुत्र सेटेलाइट टाउनशिप क्षेत्र से जमीन खरीद-बिक्री पर लगी रोक हटाई है. बिहार के दूसरे जिलों में बनने वाली सेटेलाइट टाउनशिप के लिए जमीन खरीदने और बेचने पर पहले की तरह रोक जारी रहेगी. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पहले ही इस टाउनशिप का काम तेजी से पूरा करने का निर्देश दे चुके हैं.
बिहार में बनेंगी 12 नई सेटेलाइट टाउनशिप
बिहार सरकार राज्य के 9 प्रमंडल मुख्यालयों समेत कुल 12 प्रमुख शहरों के पास नई सेटेलाइट टाउनशिप विकसित करने की योजना पर काम कर रही है. अप्रैल 2026 में सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद 11 टाउनशिप की सीमा तय कर अधिसूचना जारी की गई थी. बाद में रोहतास जिले के डेहरी को भी इस योजना में शामिल किया गया. अब राज्य में कुल 12 जगहों पर नई टाउनशिप बनाई जाएगी.
किन शहरों में बनेंगी नई टाउनशिप
सरकार की योजना के अनुसार पटना, छपरा, सोनपुर, सीतामढ़ी, सहरसा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, भागलपुर, मुंगेर, गया और रोहतास के डेहरी में नई सेटेलाइट टाउनशिप विकसित की जाएगी.
सरकार ने अप्रैल में पाटलिपुत्र सेटेलाइट टाउनशिप का विशेष क्षेत्र तय किया था. इसमें पटना जिले के 9 प्रखंडों के 274 गांव शामिल किए गए हैं. इनमें पटना ग्रामीण, पुनपुन, फतुहा, संपतचक, नौबतपुर, धनरुआ, दनियावां और मसौढ़ी के इलाके शामिल हैं.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
इन गांवों को बनाया गया था कोर एरिया
पुनपुन प्रखंड के पीपरा, बाजीदपुर, पनवार नुरूद्दीनपुर, डुमरी, नादपुर, खैरी, खापुरा, कलियानपुर बसियावां, पीपरा चक और सिकंदरपुर गांवों को पहले टाउनशिप के कोर एरिया में रखा गया था. बाद में सरकार ने कोर एरिया का दायरा बढ़ाते हुए इसमें कुछ और गांव भी जोड़ दिए.
इसे भी पढ़ें: Bihar New Rail Line: बिहार में 976 करोड़ से बिछेंगी 4 नई रेल लाइनें, पटना समेत इन रूटों पर रोज चलेंगी 22 नई ट्रेनें
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By परितोष शाही
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










