बांकीपुर उपचुनाव के रिजल्ट से पहले चुनाव आयोग पहुंचे PK, पटना SSP के खिलाफ लगाए आरोप

Updated:
विज्ञापन
प्रशांत किशोर

प्रशांत किशोर

Bankipur By Election: जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने पटना एसएसपी और पुलिस अधिकारियों पर चुनाव को प्रभावित करने का आरोप लगाया है. उन्होंने चुनाव आयोग से शिकायत करते हुए जांच की मांग की है और कहा कि 2 अगस्त को इसका सबूत देंगे.

विज्ञापन

Bankipur By Election: बांकीपुर उपचुनाव का रिजल्ट आने से पहले जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बड़ा आरोप लगाया है. पार्टी के नेताओं के साथ उन्होंने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से मुलाकात की और पटना एसएसपी समेत कई पुलिस अधिकारियों के खिलाफ शिकायत दी.

उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने सत्तापक्ष के साथ मिलकर चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश की है. प्रशांत किशोर ने कहा कि पिछले तीन दिनों में पुलिस की कार्रवाई निष्पक्ष नहीं रही. उनके मुताबिक मतदाताओं और जन सुराज के कार्यकर्ताओं को डराने और दबाव बनाने की कोशिश की गई, ताकि चुनाव प्रभावित हो सके.

पटना SSP के खिलाफ दी शिकायत

पीके ने कहा कि मतदान वाले दिन पुलिस और कुछ आपराधिक तत्वों ने मिलकर माहौल खराब किया. उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा और उनके अधीनस्थ अधिकारियों की भूमिका रही. इसी वजह से उनके खिलाफ चुनाव आयोग को लिखित शिकायत सौंपी गई है.

प्रशांत किशोर ने कहा कि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कराने का भरोसा दिया है. उन्होंने कहा कि नियम के अनुसार जांच होगी और अगर आरोप सही पाए गए तो संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी.

आयोग को सौंपे गए सबूत

प्रशांत किशोर ने कहा कि शिकायत के साथ पुलिस अधिकारियों के खिलाफ मौजूद सभी अहम सबूत भी चुनाव आयोग को दिए गए हैं. उन्होंने दावा किया कि इन सबूतों को अगले दिन मीडिया के सामने भी सार्वजनिक किया जाएगा.

पीके ने आरोप लगाया कि पटना एसएसपी और उनके अधीनस्थ अधिकारियों ने अपने पद का गलत इस्तेमाल किया. उनका कहना है कि मतदान के दौरान लोकतांत्रिक प्रक्रिया को नुकसान पहुंचाया गया और वोटरों व कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाया गया.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

वोटिंग के दिन हुआ था विवाद

बांकीपुर उपचुनाव के मतदान वाले दिन जन सुराज के कार्यकर्ताओं और भाजपा समर्थकों के बीच झड़प की खबर सामने आई थी. वहीं मतदान से एक दिन पहले पटना पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के नाम पर जन सुराज के 20 नेताओं को हिरासत में लिया था. इस दौरान प्रशांत किशोर और जक्कनपुर थाना प्रभारी के बीच तीखी बहस भी हुई थी.

प्रशांत किशोर का कहना है कि चुनाव के दौरान पुलिस की पूरी कार्रवाई पक्षपातपूर्ण रही. इसी वजह से उन्होंने पूरे मामले को चुनाव आयोग के सामने उठाया और निष्पक्ष जांच की मांग की है.

इसे भी पढ़ें:  Bihar New Rail Line: बिहार में 976 करोड़ से बिछेंगी 4 नई रेल लाइनें, पटना समेत इन रूटों पर रोज चलेंगी 22 नई ट्रेनें


विज्ञापन
परितोष शाही

लेखक के बारे में

By परितोष शाही

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन