पटना: कोचिंग जा रही छात्रा को रास्ते में रोककर पीटा, फोन पर बात नहीं करने के कारण की बदसलूकी
एआइ से बनायी गयी तस्वीर
नाबालिग छात्रा से कोचिंग जाते समय मारपीट और मोबाइल पर बात करने के लिए दबाव बनाने का मामला सामने आया है. पुलिस जांच कर रही है.
Female student beaten up : फुलवारी शरीफ के गौरीचक थाना क्षेत्र में नौवीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा को रास्ते में रोककर मारपीट करने और मोबाइल फोन पर बात करने के लिए दबाव बनाने का मामला सामने आया है. छात्रा के परिजनों ने दो सहपाठियों पर परेशान करने, मारपीट करने और धमकी देने का आरोप लगाते हुए गौरीचक थाने में लिखित शिकायत दी है. मामले की जानकारी मिलने के बाद डीएसपी सदर-2 रंजन कुमार ने थाना प्रभारी को तत्काल जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
आरोपी छात्र फोन पर बात करने के लिए बना रहा था दबाव
बताया जाता है कि छात्रा स्कूल की पढ़ाई के बाद शाम में कोचिंग करने जाती थी. आरोप है कि उसी कोचिंग में पढ़ने वाला एक छात्र काफी समय से उससे मोबाइल पर बात करने का दबाव बना रहा था. छात्रा ने बात करने से इनकार कर दिया तो मंगलवार को आरोपित छात्र अपने एक अन्य सहपाठी के साथ फतेहपुर के पास पहुंचा और छात्रा को रास्ते में रोक लिया.
परिजनों के अनुसार दोनों छात्रों ने छात्रा के साथ मारपीट की और उस पर मोबाइल से बातचीत करने का दबाव बनाया. छात्रा द्वारा विरोध करने पर उसे धमकी भी दी गयी. घटना के बाद डरी-सहमी छात्रा घर पहुंची और अपनी दादी व अन्य परिजनों को पूरी घटना बतायी.
परिजनों ने आरोपितों पर कार्रवाई की मांग
इसके बाद परिजन छात्रा को लेकर गौरीचक थाना पहुंचे और पुलिस को लिखित आवेदन देकर आरोपित छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. परिजनों का आरोप है कि शिकायत देने के कई घंटे बाद तक मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई. थाना स्तर से भी उन्हें मामले की कार्रवाई के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दी गयी.
मामले में पुलिस जांच कर रही
मामले की जानकारी डीएसपी सदर-2 रंजन कुमार को मिली तो उन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए गौरीचक थाना प्रभारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. डीएसपी ने बताया कि पीड़िता और आरोपित दोनों नाबालिग हैं. आरोपित छात्र ने छात्रा के साथ मारपीट करने की बात स्वीकार की है, जबकि दूसरा सहपाठी घटना के समय उसके साथ मौजूद था. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें : हाजीपुर:आय से अधिक संपत्ति का मामला, भवन निर्माण निगम के जीएम के 4 ठिकानों पर EOU की रेड
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए